जनशक्ति उजाला
समाचार

इंदौर में यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने वाली पांच बसों पर कार्रवाई की तैयारी

ऑल इंडिया परमिट की आड़ में स्टेट कैरिज की तरह हो रहा था संचालन

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
इंदौर में जांच के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने पांच बसों में नियमों का उल्लंघन पाया ।
इंदौर में जांच के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने पांच बसों में नियमों का उल्लंघन पाया ।
शेयर करें:

इंदौर में यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक वसूली और परिवहन नियमों की अनदेखी कर बसों का संचालन करने के मामले में परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग के विशेष जांच अभियान में ऑल इंडिया परमिट वाली पांच वीडियोकोच बसों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच में इन बसों का संचालन परमिट की शर्तों के विपरीत स्टेट कैरिज के रूप में किया जाना पाया गया। इतना ही नहीं, यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी अग्निशमन यंत्र भी बसों में मौजूद नहीं थे। विभाग ने पांचों बसों के परमिट निरस्त करने की अनुशंसा करते हुए परिवहन आयुक्त कार्यालय को प्रतिवेदन भेजा है।

शिकायतों के बाद शुरू हुई जांच

परिवहन आयुक्त उमेश जोगा और कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर आरटीओ प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बसों की जांच के साथ उनमें सफर कर रहे यात्रियों से भी किराए की जानकारी ली गई। जांच का मुख्य आधार निर्धारित किराए से अधिक वसूली और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने संबंधी शिकायतें थीं।

अलग-अलग मार्गों पर मनमानी वसूली

जांच में इंदौर-पुणे मार्ग की बस में यात्रियों से 800, 1200 और 2100 रुपये तक किराया लेने की जानकारी सामने आई। ठाणे मार्ग पर 1800 से 1900 रुपये, इंदौर-मुंबई मार्ग पर 2000 से 4000 रुपये और मूंगावली मार्ग पर 600 से 800 रुपये तक वसूले जा रहे थे। एक बस में दो यात्रियों से कुल 8190 रुपये किराया लिया गया। वहीं, मुंबई मार्ग पर संचालित एक अन्य बस में यात्रियों से 1250, 1500 और 2100 रुपये तक अलग-अलग किराया वसूलने की बात सामने आई।

परमिट के साथ सुरक्षा नियमों की भी अनदेखी

जांच में पांचों बसें ऑल इंडिया परमिट पर पंजीकृत होने के बावजूद स्टेट कैरिज के रूप में संचालित मिलीं। इसके अलावा किसी भी बस में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध नहीं पाया गया। विभाग के अनुसार, ऑल इंडिया परमिट की शर्तों के विपरीत बसों का इस तरह संचालन करना नियमों का उल्लंघन है। इससे यात्रियों की सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था से जुड़े मानकों पर भी सवाल खड़े होते हैं।

परमिट निरस्तीकरण के लिए भेजा प्रतिवेदन

आरटीओ प्रदीप शर्मा ने बताया कि यात्रियों से अधिक किराया वसूलने और परमिट की शर्तों के विरुद्ध बसें चलाने की शिकायतों पर कार्रवाई की गई है। पांचों बसों के परमिट निरस्त करने की अनुशंसा के साथ प्रतिवेदन परिवहन आयुक्त कार्यालय भेज दिया गया है। बस संचालकों को परमिट की शर्तों और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

शेयर करें:

संबंधित खबरें