अग्नि सुरक्षा में लापरवाही पर नगर निगम की कार्रवाई, दो लाइब्रेरी और गर्ल्स हॉस्टल के हिस्से सील
निरीक्षण में सुरक्षा इंतजाम नहीं मिलने पर जोन-13 में कार्रवाई

इंदौर में अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार, 18 नवंबर को जोन क्रमांक 13 में निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं मिलने पर दो लाइब्रेरी के भवनों और एक गर्ल्स हॉस्टल के किचन व गोदाम को सील कर दिया गया। आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई का निर्देशन अपर आयुक्त प्रखर सिंह ने किया।
दो लाइब्रेरी के भवनों पर कार्रवाई
नगर निगम की टीम ने जोन क्रमांक 13 के अशोक नगर स्थित जोग प्रकाश लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। यहां अग्नि सुरक्षा की आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं मिलने पर भवन को सील कर दिया गया। इसी तरह सम्राट अशोक नगर, वार्ड क्रमांक 74 स्थित ज्ञान मित्रा लाइब्रेरी में भी निर्धारित अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया। इसके बाद निगम ने इस भवन को भी सील कर दिया।
गर्ल्स हॉस्टल के किचन और गोदाम पर ताला
आनंद नगर स्थित आर.एस. गर्ल्स हॉस्टल में भी निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा संबंधी कमियां सामने आईं। निगम की टीम ने सुरक्षा प्रावधानों के अभाव में हॉस्टल के किचन को सील किया। इसके अलावा भवन के ग्राउंड फ्लोर पर संचालित गोदाम में भी अग्नि सुरक्षा के इंतजाम नहीं मिलने पर उसे सील कर दिया गया।
नियमों की अनदेखी पर आगे भी होगी कार्रवाई
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि लाइब्रेरी, हॉस्टल और व्यावसायिक भवनों सहित सभी संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य है। नागरिकों की सुरक्षा और आगजनी की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम ने भवन संचालकों को अग्नि सुरक्षा के जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।



