आपातकालीन स्थिति से निपटने इंदौर में होगी मॉक ड्रिल
शाम 6 बजे होगा हवाई हमले और ब्लैकआउट का अभ्यास

इंदौर में शुक्रवार, 27 नवंबर को नागरिक सुरक्षा से जुड़ी मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। शाम 6 बजे पिपल्याहाना रोड स्थित एमजीएम बॉयज हॉस्टल में होने वाले इस अभ्यास के जरिए हवाई हमले और ब्लैकआउट जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखा जाएगा। इसमें विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां मिलकर आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और आपसी समन्वय का अभ्यास करेंगी।
हवाई हमले की चेतावनी से लेकर बचाव तक का अभ्यास
जिला कमांडेंट डॉ. मधु राजेश तिवारी ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से दूसरी मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही है। इंदौर में होने वाले अभ्यास के दौरान हवाई हमले की चेतावनी, ब्लैकआउट, लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, खोज एवं बचाव और आपातकालीन प्रतिक्रिया से जुड़ी गतिविधियां की जाएंगी।
होमगार्ड और एनसीसी कैडेट भी होंगे शामिल
मॉक ड्रिल में सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों के साथ होमगार्ड, एनसीसी कैडेट और अन्य संबंधित एजेंसियों के सदस्य भाग लेंगे। अभ्यास के माध्यम से संकट की स्थिति में अलग-अलग एजेंसियों की भूमिका और उनकी तैयारियों का आकलन किया जाएगा।
कलेक्टर कार्यालय में हुई तैयारी
आयोजन की व्यवस्थाओं और विभागों के बीच समन्वय को लेकर गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय में टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसमें मॉक ड्रिल की रूपरेखा और आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कार्ययोजना पर तैयारी की गई।



