इंदौर में ई-रिक्शा चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
सात वाहन और 69 बैटरियां बरामद, जब्त सामग्री की कीमत 13.90 लाख रुपये

इंदौर में ई-रिक्शा चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी के सात ई-रिक्शा तथा 69 बैटरियां बरामद की हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 13.90 लाख रुपये बताई गई है।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली मदद
लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी। टीम ने अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। इसके बाद पुलिस ने उज्ज्वल चौरसिया निवासी सुखलिया और नरोत्तम चौहान निवासी गौरी नगर को गिरफ्तार किया।
अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों से चोरी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने पीसी सेठी अस्पताल, चिड़ियाघर, एमवाय अस्पताल, रोबोट चौराहा, महू नाका चौराहा, चोइथराम मंडी, कंकेश्वरी गरबा मैदान और मेघदूत गार्डन सहित कई स्थानों से ई-रिक्शा चोरी करने की बात बताई।
बैटरियां निकालकर बेच देते थे आरोपी
पुलिस की जानकारी के मुताबिक आरोपी पहले ई-रिक्शा चोरी करते थे। इसके बाद उनमें लगी बैटरियां निकालकर बेच देते और वाहन को किसी सुनसान स्थान पर छोड़ देते थे।
आरोपियों की निशानदेही पर संयोगितागंज क्षेत्र से सात ई-रिक्शा और 29 बैटरियां बरामद की गईं। इसके अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में हुई चोरी से जुड़ी 40 बैटरियां भी जब्त की गईं।
सात चोरी के मामलों का खुलासा
पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई से संयोगितागंज क्षेत्र में दर्ज चोरी के सात मामलों का खुलासा हुआ है। अन्य थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं में आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस आगे की पूछताछ के जरिए चोरी के नेटवर्क और अन्य संभावित वारदातों की जानकारी जुटा रही है।



