जनशक्ति उजाला
समाचार

इंदौर के इन मार्गों पर लगी ई-रिक्शा की आवाजाही पर रोक

तत्काल प्रभाव से लागू हुआ आदेश

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
इंदौर के तीन प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा की आवाजाही प्रतिबंधित की गई।
इंदौर के तीन प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा की आवाजाही प्रतिबंधित की गई।
शेयर करें:

इंदौर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने शहर के तीन प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा के आवागमन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी शिवम वर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। यह प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

तीन प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंध

आदेश के अनुसार पुराने एबी रोड पर निरंजनपुर चौराहे से राजीव गांधी चौराहे तक, एमजी रोड पर पलासिया चौराहे से मृगनयनी चौराहे तक और सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में ई-रिक्शा का संचालन नहीं किया जा सकेगा।

यातायात दबाव कम करने की पहल

पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन की रिपोर्ट के अनुसार शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से कर्मचारियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इस समस्या के समाधान के लिए यातायात पुलिस अधिकारियों, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों और ई-रिक्शा पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई थी। विचार-विमर्श के बाद इन तीन मार्गों पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।

मोटरयान अधिनियम के तहत आदेश

कलेक्टर ने केंद्रीय मोटरयान अधिनियम, 1988 की धारा 115 और मध्यप्रदेश मोटरयान नियम, 1994 के नियम 215 के तहत प्राप्त अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए यह आदेश जारी किया है। प्रशासन के अनुसार यातायात की स्थिति और आम नागरिकों की सुविधा को देखते हुए भविष्य में आदेश में आंशिक या पूर्ण संशोधन भी किया जा सकेगा।

शेयर करें:

संबंधित खबरें