जनशक्ति उजाला
समाचार

इंदौर में पशुपालकों को घर बैठे मिलेगी कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा

जिले में पायलट परियोजना शुरू

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
इंदौर में ई-मैत्री सेवा।
इंदौर में ई-मैत्री सेवा।
शेयर करें:

पशुओं के कृत्रिम गर्भाधान के लिए अब पशुपालकों को पशु चिकित्सा केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मध्यप्रदेश शासन ने घर पहुंच सेवा उपलब्ध कराने के लिए इंदौर जिले में नई व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत पशुपालक 1962 कॉल सेंटर पर फोन कर कृत्रिम गर्भाधान की मांग दर्ज करा सकेंगे। सूचना मिलने पर प्रशिक्षित मैत्री कार्यकर्ता संबंधित पशुपालक के घर पहुंचकर यह सेवा उपलब्ध कराएंगे।

25 नवंबर से शुरू हुई पायलट परियोजना

पशुपालन एवं डेयरी विभाग की यह पहल 25 नवंबर 2026 से इंदौर जिले में पायलट परियोजना के रूप में लागू की गई है। इसका उद्देश्य पशुपालकों को पशु प्रजनन संबंधी सेवाएं आसानी से और निर्धारित समय में उपलब्ध कराना है। इस व्यवस्था के तहत 1962 कॉल सेंटर पर प्राप्त मांग के आधार पर संबंधित क्षेत्र के मैत्री कार्यकर्ता को सेवा के लिए भेजा जाएगा।

प्रशिक्षित कार्यकर्ता देंगे घर पहुंच सेवा

इस योजना में मैत्री (MAITRI – Multi-purpose AI Technician in Rural India) कार्यकर्ताओं की सेवाएं ली जाएंगी। ये प्रशिक्षित कार्यकर्ता पशुपालकों के घर पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कृत्रिम गर्भाधान करेंगे। इससे विशेष रूप से उन पशुपालकों को सुविधा मिलेगी, जिन्हें पशुओं को लेकर चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचने में परेशानी होती है।

मैत्री कार्यकर्ताओं के लिए भी बढ़ेंगे अवसर

संयुक्त संचालक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, इंदौर संभाग डॉ. मनीष इंगोले ने बताया कि इस व्यवस्था से पशुपालकों तक पशु प्रजनन सेवाओं की पहुंच बेहतर होगी। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने वाले प्रशिक्षित मैत्री कार्यकर्ताओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।

सफल प्रयोग के बाद अन्य जिलों में विस्तार

विभाग इस परियोजना के संचालन, सेवाओं की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित समीक्षा करेगा। इंदौर में इसके परिणामों का मूल्यांकन करने के बाद योजना को प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू करने पर विचार किया जाएगा।

शेयर करें:

संबंधित खबरें