इंदौर में क्रिसेंट वॉटर पार्क के पास दिखा तेंदुआ, चेहरे पर खून के निशान दिखने का दावा; वन विभाग ने शुरू की तलाश
खुड़ैल क्षेत्र में मकान के पास नजर आने के बाद भागा वन्यजीव, वीडियो मिलने पर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची

इंदौर के क्रिसेंट वॉटर पार्क के पास बुधवार सुबह तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से आसपास के क्षेत्र में चिंता फैल गई। खुड़ैल थाना क्षेत्र में एक रहवासी मकान के नजदीक तेंदुआ बैठा नजर आया। इसका वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने तेंदुए के सिर और चेहरे पर खून के निशान दिखाई देने की बात कही है, हालांकि वन विभाग ने उसके घायल होने की पुष्टि नहीं की है।
मकान के पास बैठा दिखा, फिर भागा
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह क्रिसेंट वॉटर पार्क के पास हरिओम ठाकुर के मकान के आसपास लोगों ने तेंदुए को बैठे देखा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह कुछ समय तक सुस्त हालत में नजर आया। उसके सिर और मुंह के पास खून के निशान होने की बात भी कही गई। कुछ देर बाद वह वहां से भाग गया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में सर्चिंग शुरू की। अधिकारियों के मुताबिक, तलाशी के दौरान अब तक तेंदुए की मौजूदगी के प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिले हैं। उसके घायल होने की स्थिति भी प्रत्यक्ष रूप से देखे जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
8 अक्टूबर को फार्म हाउस में मवेशियों का किया था शिकार
हरिओम ठाकुर के मुताबिक, इससे पहले 8 अक्टूबर को भी तेंदुआ उनके फार्म हाउस में घुस आया था और मवेशियों का शिकार किया था। उस समय ग्रामीणों ने उसे वहां से भगाया था। बुधवार सुबह दोबारा मकान के पास तेंदुआ दिखाई देने की सूचना से क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गई है।
रालामंडल की पहाड़ियों से आने की आशंका
हरिओम ठाकुर का कहना है कि उनके मकान के पास रालामंडल की पहाड़ियां हैं और इलाके में सुरक्षा के लिए जालियां नहीं लगी हैं। उनके मुताबिक, खेतों में सिंचाई का काम चलने के कारण किसान और खेतों में काम करने वाले लोग लगातार बाहर निकलते हैं। ऐसे में वन्यजीव की मौजूदगी से लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
वीडियो मिलने के बाद टीम को भेजा : डीएफओ
डीएफओ लाल सुधाकर सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह करीब सवा नौ बजे उन्हें मीडिया के माध्यम से क्रिसेंट वॉटर पार्क के पास तेंदुआ दिखाई देने की जानकारी मिली थी। वीडियो मिलने के बाद रेस्क्यू टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। उनके मुताबिक, टीम इलाके में तलाश कर रही है, लेकिन अब तक तेंदुए की मौजूदगी के प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिले हैं। फिलहाल मोबाइल से बनाया गया वीडियो ही उसके दिखाई देने की सूचना का आधार है।



