सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में कलेक्टर शिवम वर्मा का सख्त रुख, अधिकारियों की जवाबदेही तय
लंबित शिकायतों और छात्रवृत्ति भुगतान में लापरवाही पर कार्रवाई

इंदौर कलेक्ट्रेट में सोमवार को आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर शिवम वर्मा ने विभिन्न विभागों के कामकाज और लंबित जन शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों में ढिलाई और छात्रवृत्ति भुगतान में देरी को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर कार्रवाई
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के मामलों में संतोषजनक और समयबद्ध समाधान नहीं होने पर हातोद तहसील के बीएमओ के पांच दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। वहीं, छात्रवृत्ति के प्रकरण में समय पर भुगतान नहीं करने पर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के संबंधित प्रोफेसर के पांच दिन के वेतन में कटौती करने को कहा गया। आदिम जाति कल्याण विभाग में शिकायतों के निराकरण में लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आने पर सेक्शन प्रभारी को निलंबित करने के निर्देश भी दिए गए।
छात्रावास और कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा पर जोर
कलेक्टर ने जिले में संचालित निजी छात्रावासों और कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित जांच के लिए अभियान चलाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संस्थानों में फायर सेफ्टी के इंतजाम, बेसमेंट में पार्किंग व्यवस्था और पर्याप्त निकास द्वार सुनिश्चित किए जाएं। जहां सुरक्षा मानकों का पालन नहीं मिलेगा, वहां संबंधित संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। अभियान की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
राजस्व प्रकरणों और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा
बैठक में नामांतरण, सीमांकन और बटांकन से जुड़े मामलों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। नगर निगम की ओर से बताया गया कि ऑन-रोड पेड पार्किंग के लिए कुछ स्थान चिह्नित कर काम शुरू कर दिया गया है, जबकि अन्य स्थानों पर प्रक्रिया जारी है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने और लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने की हिदायत दी।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य, नगर निगम के अपर आयुक्त श्रृंगार श्रीवास्तव, आकाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



