इंदौर में भाजपा की पदयात्रा में उमड़ी भीड़, मुख्यमंत्री ने दिलाया लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संकल्प
सुभाष नगर से पाटनीपुरा तक निकली यात्रा में केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व की मौजूदगी, विपक्ष पर नेताओं ने साधा निशाना

इंदौर में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सुभाष नगर चौराहे से शुरू हुई यह यात्रा पाटनीपुरा चौराहे पर संपन्न हुई। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, भाजपा के प्रदेश प्रभारी विप्लब देव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यात्रा में साधु-संतों और किन्नर समाज के प्रतिनिधियों की भागीदारी भी रही।
संविधान की मर्यादा बनाए रखने का संकल्प
यात्रा के समापन अवसर पर आयोजित सभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों को संविधान, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा कानून के शासन की रक्षा करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से सही दिशा में आगे बढ़ने और व्यक्तिगत हितों के बजाय राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। सभा में भारत माता की जय और लोकतंत्र की रक्षा के नारे भी लगाए गए।
मंत्री विजयवर्गीय ने विपक्ष की राजनीति पर उठाए सवाल
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सभा को राष्ट्रभक्तों का समागम बताते हुए कहा कि इंदौर में युवाओं की बड़ी भागीदारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विचार और विकास नीतियों के प्रति समर्थन दर्शाती है। उन्होंने राहुल गांधी की यात्राओं का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इंदौर के इस आयोजन में जुटी भीड़ विपक्ष की यात्राओं में शामिल युवाओं की संख्या से अधिक रही। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक आयोजनों में खानपान का प्रलोभन देकर लोगों को जुटाया जाता है। मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन हिंसा और अराजकता स्वीकार नहीं की जा सकती।
मांडविया और देव ने भी विपक्ष को घेरा
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने विपक्षी दलों पर जनादेश का सम्मान नहीं करने और देश में अशांति का माहौल बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनता प्रधानमंत्री और संविधान के समर्थन में स्वयं आगे आ रही है। वहीं प्रदेश प्रभारी विप्लब देव ने अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि देश की जमीन पर घुसपैठियों को जगह नहीं दी जाएगी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ सजग रहने की बात कही।
विवादित पोस्टर लेकर पहुंचे व्यक्ति को पुलिस ने हटाया
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी प्रहलाद पांडे अपने साथ 30 हजार रुपये का बल्ब और 33 हजार लीटर फिनाइल लिखे पोस्टर लेकर पहुंचे। पोस्टर पर नजर पड़ने के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंच से नाराजगी जताई और आयोजकों तथा पुलिस को संबंधित व्यक्ति को वहां से हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें कार्यक्रम स्थल से बाहर कर अपनी कस्टडी में ले लिया। इस घटनाक्रम से कुछ समय के लिए कार्यक्रम स्थल पर तनाव की स्थिति बन गई।



