इंदौर में भिक्षावृत्ति पर पूरी तरह रोक, भिखारियों को भीख देने और सामान खरीदने पर भी होगी कार्रवाई
कलेक्टर शिवम वर्मा का प्रतिबंधात्मक आदेश लागू

इंदौर जिले में भिक्षावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी शिवम वर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा अधिनियम 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर जिले की पूरी राजस्व सीमा में किसी भी प्रकार की भिक्षावृत्ति पर रोक लगा दी है। नए आदेश के अनुसार अब किसी भिक्षु को भीख के रूप में नकद राशि या कोई अन्य वस्तु देना भी प्रतिबंधित होगा। इसके अलावा भिक्षुओं से किसी भी तरह का सामान खरीदने पर भी कानूनी कार्रवाई की जा सकेगी।
सूचना देने वाले को मिलेगा एक हजार रुपये
प्रशासन ने भिक्षावृत्ति की जानकारी देने वाले नागरिकों के लिए प्रोत्साहन राशि की व्यवस्था भी की है। यदि किसी स्थान पर कोई व्यक्ति भीख मांगता दिखाई देता है तो इसकी सूचना महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी दिनेश मिश्रा को मोबाइल नंबर 9691494951 पर दी जा सकती है। सूचना का सत्यापन सही पाए जाने पर संबंधित सूचनाकर्ता को एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
23 जनवरी 2027 तक प्रभावी रहेगा आदेश
कलेक्टर के आदेश के अनुसार भिक्षावृत्ति करने वाले व्यक्ति के साथ-साथ उसे भिक्षा देने या उससे सामान खरीदने वाले व्यक्ति के विरुद्ध भी आदेश के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी। प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकेगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और 23 जनवरी 2027 तक प्रभावशील रहेगा।
अभियान के लिए गठित किए गए दल
प्रशासन के अनुसार इंदौर में भिक्षावृत्ति की रोकथाम के लिए पहले से अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न विभागों के दल गठित किए गए हैं, जो लगातार निगरानी और रोकथाम की कार्रवाई कर रहे हैं। नए प्रतिबंधात्मक आदेश से इस अभियान को और प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया है।



