इंदौर में सजा जनजातीय हुनर का बाजार, देशभर के शिल्पकार लेकर पहुंचे खास उत्पाद
केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने सात दिवसीय आदि बाजार का किया शुभारंभ

जनजातीय कला, संस्कृति और पारंपरिक हस्तशिल्प को बड़े बाजार तक पहुंचाने की पहल के तहत इंदौर में सात दिवसीय राज्य स्तरीय ‘आदि बाजार’ शुरू हो गया है। सोमवार, 23 नवंबर को ग्रामीण हाट में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने इसका शुभारंभ किया। ट्राइफेड की ओर से आयोजित यह बाजार 29 नवंबर तक चलेगा। इसमें देश के अलग-अलग राज्यों से आए जनजातीय शिल्पकार और उद्यमी अपने हस्तनिर्मित उत्पादों, कलाकृतियों और पारंपरिक वस्तुओं का प्रदर्शन एवं विक्रय कर रहे हैं।
शिल्पकारों को मिलेगा व्यापक बाजार
शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री उईके ने कहा कि जनजातीय अंचलों में पारंपरिक ज्ञान, कला और हस्तशिल्प की समृद्ध विरासत मौजूद है, लेकिन शिल्पकारों को पहले अपने उत्पाद बेचने के लिए पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते थे। आदि बाजार उन्हें सीधे ग्राहकों तक पहुंचने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर दे रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज की संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए 24 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान की जानकारी भी दी।
देशभर की कलाओं और उत्पादों का संगम
बाजार में मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, असम, हैदराबाद और अन्य क्षेत्रों के शिल्पकारों ने स्टॉल लगाए हैं। यहां वरली और पट्टाचित्र पेंटिंग, ढोकरा शिल्प, तारकशी, कांथा कढ़ाई, पश्मीना शॉल, बिदरी कला, लौह शिल्प और पारंपरिक वस्त्र प्रदर्शित किए गए हैं। महेश्वरी-चंदेरी वस्त्र, बाघ प्रिंट की साड़ियां, बांस से बनी सामग्री, नारियल के खोल से तैयार वस्तुएं, प्राकृतिक शहद और जैविक उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र हैं।
रीवा, भोपाल और जबलपुर में भी होंगे आयोजन
ट्राइफेड की महाप्रबंधक प्रीति मैथिल ने बताया कि मध्यप्रदेश में आदि बाजार और आदि महोत्सव की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इंदौर के बाद दिसंबर 2026 में रीवा, जनवरी 2027 में भोपाल तथा फरवरी-मार्च 2027 में जबलपुर में आयोजन प्रस्तावित हैं। शुभारंभ पर जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किया। केंद्रीय राज्यमंत्री उईके ने कलाकारों के साथ नृत्य में सहभागिता की और विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर शिल्पकारों से चर्चा भी की।



