औद्योगिक कचरे से बनेगी निर्माण सामग्री, भारत और नॉर्वे मिलकर विकसित करेंगे नई तकनीक
सीमेंट और निर्माण उद्योग में अपशिष्ट के दोबारा इस्तेमाल की तैयारी, सड़क निर्माण से लेकर जियोपॉलिमर कंक्रीट तक तलाशेंगे संभावनाएं

औद्योगिक कचरे को पर्यावरण के लिए चुनौती के बजाय उपयोगी संसाधन बनाने की दिशा में भारत और नॉर्वे मिलकर काम करेंगे। दोनों देश सीमेंट और निर्माण क्षेत्र में औद्योगिक अपशिष्ट के सुरक्षित पुनर्चक्रण तथा उससे निर्माण सामग्री तैयार करने के लिए तकनीकी सहयोग बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर), नॉर्वे की अनुसंधान संस्था सिन्टेफ और रिसर्च काउंसिल ऑफ नॉर्वे ने 10 नवंबर को नई दिल्ली में विशेष संवाद आयोजित किया। इसमें वैज्ञानिकों, उद्योग प्रतिनिधियों और नियामक संस्थाओं ने कचरे के बेहतर उपयोग के विकल्पों पर चर्चा की।
औद्योगिक अवशेषों के उपयोग पर मंथन
इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित इस संवाद का मुख्य उद्देश्य निर्माण और औद्योगिक कचरे को उपयोगी उत्पादों में बदलने के लिए संयुक्त अनुसंधान की संभावनाएं तलाशना था। चर्चा में निर्माण एवं विध्वंस कचरे, स्टील स्लैग, फ्लाई ऐश, रेड मड और अन्य औद्योगिक अवशेषों को निर्माण कार्यों में इस्तेमाल करने के तरीकों पर विचार किया गया। विशेषज्ञों ने इनके प्रसंस्करण, गुणवत्ता मानकों, लागत और बाजार में स्वीकार्यता से जुड़ी चुनौतियों को भी रेखांकित किया।
सड़क और कंक्रीट निर्माण में मिलेंगे नए विकल्प
सीएसआईआर की विभिन्न प्रयोगशालाओं ने फ्लाई ऐश, कॉपर स्लैग, प्लास्टिक कचरे और स्टील ग्रिट जैसे औद्योगिक उप-उत्पादों के इस्तेमाल पर शोध संबंधी जानकारी साझा की। इन सामग्रियों से सड़क निर्माण, जियोपॉलिमर कंक्रीट, विशेष एग्रीगेट और अन्य निर्माण उत्पाद तैयार करने की संभावनाएं हैं। विशेषज्ञों का जोर ऐसी तकनीक विकसित करने पर रहा, जिन्हें बड़े स्तर पर व्यावहारिक रूप से अपनाया जा सके।
खतरनाक कचरे के सुरक्षित निपटान पर भी चर्चा
बैठक में डीडीटी, पीसीबी और लगातार बने रहने वाले जैविक प्रदूषकों से दूषित कचरे के उपचार पर भी विचार हुआ। सिन्टेफ के विशेषज्ञों ने बताया कि नियंत्रित उच्च तापमान पर सीमेंट भट्ठियों में ऐसे खतरनाक प्रदूषकों को नष्ट करने की तकनीक अपनाई जा सकती है। इसमें कचरे से तैयार वैकल्पिक ईंधन के इस्तेमाल की संभावना भी है। हालांकि, इसके लिए उत्सर्जन की निगरानी, तकनीकी मानकों और नियामकीय नियमों का पालन जरूरी बताया गया।
संयुक्त शोध और पायलट परियोजनाओं की तैयारी
संवाद में भारत और नॉर्वे के बीच दो से तीन संयुक्त शोध प्रस्ताव तैयार करने, खतरनाक कचरे के उपचार के लिए पायलट परियोजनाएं शुरू करने और डीडीटी तथा पीसीबी से दूषित अपशिष्ट के निपटान के लिए तकनीकी दिशा-निर्देश विकसित करने जैसे प्रस्तावों पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने अनुसंधान संस्थानों और उद्योग जगत के बीच साझेदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया। यह पहल भारत-नॉर्वे ग्रीन स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के तहत स्वच्छ तकनीक, अनुसंधान और चक्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।



