जनशक्ति उजाला
समाचार

समुद्री जहाजों और नाविकों पर हमले बर्दाश्त नहीं, वैश्विक सहयोग जरूरी : विदेश मंत्री जयशंकर

हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय कानूनों के पालन और साझेदारी बढ़ाने पर दिया जोर

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: नई दिल्ली2 मिनट पढ़ें
आईओआरए की बैठक में समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर भारत का पक्ष रखते विदेश मंत्री एस. जयशंकर।
आईओआरए की बैठक में समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर भारत का पक्ष रखते विदेश मंत्री एस. जयशंकर।
शेयर करें:

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने समुद्री जहाजों और नाविकों पर होने वाले हमलों को अस्वीकार्य बताते हुए कहा है कि समुद्री सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए दुनिया के सभी देशों को मिलकर प्रयास करना होगा। नई दिल्ली में इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन (आईओआरए) की जनरल डिबेट को संबोधित करते हुए उन्होंने हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षित समुद्री परिवहन और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने की आवश्यकता बताई।

समुद्री सुरक्षा सभी देशों की साझा जिम्मेदारी

जयशंकर ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में संघर्ष, तनाव और व्यवधान बढ़ रहे हैं, लेकिन इसके साथ ही वैश्वीकरण, आपसी निर्भरता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के कई अवसर भी मौजूद हैं। उनके अनुसार, हिंद महासागर क्षेत्र इन चुनौतियों से निपटने और साझा समाधान विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने समुद्री व्यापार के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी देशों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए संयुक्त राष्ट्र समुद्री कानून संधि (यूएनसीएलओएस) सहित अंतरराष्ट्रीय कानूनों का सम्मान जरूरी है।

आतंकवाद और तस्करी पर सहयोग से लगेगी रोक

विदेश मंत्री ने कहा कि समुद्री क्षेत्र में आतंकवाद, नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध एवं अनियमित मछली पकड़ने जैसी गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए देशों को मिलकर काम करना होगा। इसके साथ ही जलवायु परिवर्तन से जुड़ी आपदाओं और आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए भी आपसी सहयोग बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने आत्मनिर्भरता के साथ साझेदार देशों के बीच समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया।

23 सदस्य देशों का संगठन है आईओआरए

यह बैठक भारत की वर्ष 2025-2027 की आईओआरए अध्यक्षता के तहत आयोजित की जा रही है। इस कार्यकाल का विषय हिंद महासागर क्षेत्र में नवाचार, खुलापन, मजबूती और अनुकूलन क्षमता को बढ़ावा देना है। संगठन में भारत सहित 23 सदस्य देश शामिल हैं। इसके अलावा चीन, जापान, अमेरिका, रूस, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ सहित 12 संवाद साझेदार हैं।

आईओआरए की काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स संगठन की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था है। इसमें सदस्य देशों के विदेश मंत्री शामिल होते हैं। यह परिषद संगठन की नीतियां और रणनीतिक दिशा तय करने के साथ सदस्य देशों के बीच सहयोग की समीक्षा करती है तथा नए साझेदारी क्षेत्रों को आगे बढ़ाने के लिए निर्णय लेती है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

भारत-डेनमार्क संबंध मजबूत करने पर सहमति : विदेश मंत्री एस. जयशंकर

ग्रीन पार्टनरशिप के तहत ऊर्जा, शिपिंग और जल प्रबंधन में सहयोग की समीक्षा

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालानई दिल्ली2 मिनट पढ़ें