भारत-बुल्गारिया संबंधों को लेकर विदेश मंत्री डॉ. जयशंकर ने रखी भविष्य के सहयोग की रूपरेखा
व्यापार, रक्षा, तकनीक और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने की तैयारी

भारत और बुल्गारिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने और सहयोग का दायरा बढ़ाने की पहल तेज हुई है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने बुल्गारिया की अपनी समकक्ष वेलिस्लावा पेत्रोवा-चामोवा के साथ बैठक में दोनों देशों की साझेदारी को मजबूत बनाने पर जोर दिया। इस दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा, शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), अंतरिक्ष, पर्यटन और लोगों की आवाजाही सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
लंबे अंतराल बाद हुई महत्वपूर्ण यात्रा
डॉ. जयशंकर ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर बैठक में दिए गए संबोधन का वीडियो साझा किया। उन्होंने भारत दौरे पर आईं बुल्गारिया की मंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे अंतराल के बाद हो रही यह यात्रा दोनों देशों के संबंधों में हुई प्रगति का आकलन करने और भविष्य के सहयोग की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
भारतीय नाविकों की मदद के लिए जताया आभार
बैठक के दौरान काला सागर में जहाजों पर हुए हमलों का भी उल्लेख हुआ। विदेश मंत्री ने हमलों का शिकार हुए जहाजों पर सवार भारतीय नाविकों की स्वदेश वापसी में बुल्गारिया सरकार की मदद के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि हमलों में घायल हुए कुछ नाविकों की देखभाल में भी बुल्गारिया ने सहयोग किया था। डॉ. जयशंकर ने जून में सोफिया की अपनी यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरे से दोनों देशों के संबंधों को नई ऊर्जा और गति मिली थी।
द्विपक्षीय सहयोग के लिए तैयार हुआ रोडमैप
विदेश मंत्री ने बताया कि दोनों देशों की टीमों ने सहयोग का विस्तृत रोडमैप तैयार किया है, जिसे बैठक के दौरान मंजूरी दी जानी थी। इससे आने वाले समय में दोनों देशों की साझा गतिविधियों और सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों को स्पष्ट दिशा मिलेगी। बैठक में इस रोडमैप के माध्यम से द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा का अवसर भी मिला।
भारत-यूरोपीय संघ संबंधों में बुल्गारिया के सहयोग की सराहना
डॉ. जयशंकर ने भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच बढ़ते संबंधों का उल्लेख करते हुए इस प्रक्रिया में बुल्गारिया के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते के जल्द लागू होने की उम्मीद जताई। उनके अनुसार, भारत व्यापार, प्रौद्योगिकी और प्रतिभा के क्षेत्र में यूरोप के साथ सहयोग को और व्यापक बनाना चाहता है।
सुरक्षा और रणनीतिक साझेदारी पर भी चर्चा
बैठक में भारत और यूरोपीय संघ के बीच सुरक्षा एवं रक्षा साझेदारी तथा मोबिलिटी फ्रेमवर्क पर हुए हस्ताक्षरों का भी उल्लेख किया गया। इसके अलावा, होराइजन यूरोप कार्यक्रम को लेकर वार्ता संपन्न होने और दोनों पक्षों के बीच सातवीं रणनीतिक साझेदारी समीक्षा बैठक आयोजित किए जाने की जानकारी भी साझा की गई।
विदेश मंत्री के अनुसार, द्विपक्षीय, यूरोपीय और बहुपक्षीय, तीनों स्तरों पर भारत और बुल्गारिया के बीच सहयोग की मजबूत नींव मौजूद है। इसी आधार पर दोनों देश अपने संबंधों को आगे बढ़ाते हुए साझेदारी के नए अवसर विकसित कर सकते हैं।



