इंदौर के वी वन अस्पताल में मिली अपंजीकृत सोनोग्राफी मशीन, प्रशासन ने किया सील
स्टोर रूम में मिली दूसरी मशीन, अस्पताल संचालक को नोटिस

इंदौर के गीता भवन चौराहे स्थित वी वन अस्पताल में पंजीयन प्रमाण-पत्र में दर्ज मशीन के अतिरिक्त एक अन्य सोनोग्राफी मशीन मिलने पर प्रशासन ने उसे सीलबंद कर दिया। मामले में अस्पताल संचालक को नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान सामने आया मामला
23 अक्टूबर 2026 को कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी के निर्देशन में निरीक्षण दल ने अस्पताल का निरीक्षण किया। वी वन अस्पताल, मेडिहील हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड की एक इकाई है और गीता भवन चौराहे पर स्थित है। अस्पताल का पीसीपीएनडीटी पंजीयन क्रमांक 767 है।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के स्टोर रूम में पंजीयन प्रमाण-पत्र में दर्ज मशीन के अतिरिक्त एक अन्य सोनोग्राफी मशीन मिली। इसके बाद कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मशीन को सीलबंद करने के निर्देश दिए।
मशीन सीलबंद, संचालक को नोटिस
निर्देशों के पालन में डॉ. दिव्यानी अहरवाल और श्रीमती दीपमाला बामने को मौके पर भेजा गया। उनके माध्यम से अपंजीकृत सोनोग्राफी मशीन को सीलबंद कराया गया।
प्रशासन ने कार्रवाई के साथ ही अस्पताल संचालक को नोटिस भी जारी किया है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पूरे प्रकरण में नियमानुसार आगामी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



