रियाद में हूती विद्रोहियों ने किया फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट की इमारत पर हमला
भारत ने की हमले की कड़ी निंदा, दो भारतीयों समेत 11 लोग घायल

सऊदी अरब की राजधानी रियाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में एक इमारत पर हुए हूती हमले की भारत ने कड़ी निंदा की है। 24 नवंबर को हुई इस घटना में दो भारतीय नागरिकों सहित कुल 11 लोग घायल हुए हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बयान जारी कर सऊदी अरब में नागरिक, आर्थिक और ऊर्जा संबंधी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने वाले हमलों को तत्काल रोकने की मांग की है।
घायलों को सहायता दे रहा भारतीय दूतावास
विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की कि हमले में दो भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास घायलों और उनके परिवारों के संपर्क में है तथा उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।
सऊदी अरब के समर्थन में भारत
भारत ने कहा कि इस तरह के हमले आम नागरिकों की जान को खतरे में डालने के साथ सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन करते हैं। इनसे क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता भी प्रभावित होती है। भारत ने सऊदी सरकार और वहां के लोगों के प्रति एकजुटता जताते हुए देश की क्षेत्रीय अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों का समर्थन किया है। साथ ही क्षेत्र में जल्द शांति बहाली की उम्मीद जताई है।
चार देशों के नागरिक हुए घायल
सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा महानिदेशालय के अनुसार, हमले में 11 लोग घायल हुए हैं। इनमें सऊदी अरब के दो, भारत के दो, नेपाल के तीन और मिस्र के चार नागरिक शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन प्रतिक्रिया दल मौके पर पहुंचे और सुरक्षा एवं राहत संबंधी कदम उठाए। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता ने भी घटना की पुष्टि करते हुए इसे कायरतापूर्ण आतंकवादी हमला बताया। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
यमन में हमलों के आरोपों से बढ़ा तनाव
रियाद की घटना ऐसे समय हुई है, जब सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन और यमन के हूती अधिकारियों के बीच तनाव बना हुआ है। इससे पहले यमन के अल-हुदायदाह गवर्नरेट में दूरसंचार ढांचे पर हवाई हमले किए जाने के आरोप लगाए गए थे। हूती-नियंत्रित यमन के संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सोमवार को दावा किया था कि गठबंधन के विमानों ने दूरसंचार भवनों, कर्मचारियों के आवास और एक मस्जिद को निशाना बनाया।
17 कर्मचारियों की मौत का दावा
यमन के संबंधित मंत्रालय ने शुरुआती आंकड़ों के आधार पर इन हमलों में 17 कर्मचारियों की मौत और 11 अन्य के घायल होने का दावा किया था। मंत्रालय के अनुसार, कई दूरसंचार केंद्रों को नुकसान पहुंचने से कुछ जिलों में इंटरनेट और संचार सेवाएं भी बाधित हुईं।



