ग्वालियर हादसे पर सीएम मोहन यादव का सख्त एक्शन, आठ पुलिसकर्मी निलंबित
मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता, घायलों का मुफ्त इलाज

ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। लापरवाही के मामले में सीएसपी को तत्काल हटाने और आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने घटना की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा है।
तीन थाना प्रभारी सहित आठ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री के निर्देश पर तीन थाना प्रभारी, एक यातायात निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक और तीन आरक्षकों को निलंबित किया गया है। इसके साथ ही संबंधित सीएसपी को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं। घटना के बाद पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही तय करने के लिए यह कार्रवाई की गई है।
मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को दो-दो लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल सभी लोगों का नि:शुल्क उपचार कराने के निर्देश भी दिए हैं।
घटना की जांच के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने हादसे की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी निर्धारित करने को कहा है। जांच में लापरवाही सामने आने पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि जनसुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जाएगी।
शोकाकुल परिवारों के प्रति जताई संवेदना
मुख्यमंत्री ने हादसे में मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। प्रशासनिक कार्रवाई, आर्थिक सहायता और घायलों के नि:शुल्क उपचार के निर्देशों के साथ सरकार ने प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने पर जोर दिया है।



