जनशक्ति उजाला
समाचार

गांधीसागर में हुई मोहन कैबिनेट की बैठक, प्रदेश को मिली विकास की कई सौगातें

उद्योग, रोजगार, शिक्षा, ऊर्जा और पर्यटन से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: गांधीसागर (मंदसौर), मध्य प्रदेश5 मिनट पढ़ें
गांधीसागर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक ।
गांधीसागर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक ।
शेयर करें:

मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश बढ़ाने, रोजगार के नए अवसर तैयार करने और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। मंदसौर जिले के गांधीसागर में आयोजित डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक में करीब 70 हजार करोड़ रुपये के निवेश से पांच नए औद्योगिक पार्क विकसित करने की मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं से लगभग 3.15 लाख लोगों के लिए रोजगार के अवसर बनने का अनुमान है। इसके अलावा सरकारी सेवाओं में दो बच्चों की शर्त समाप्त करने, छह जिलों में विशेष न्यायालय स्थापित करने, मुरैना में श्री राधे विश्वविद्यालय और उज्जैन में फॉरेस्ट जू बनाने सहित कई प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।

धार, रतलाम और मंदसौर में बड़े औद्योगिक निवेश

औद्योगिक विकास के तहत धार जिले के भैंसोला में 341.10 हेक्टेयर क्षेत्र में वस्त्र एवं संबंधित उद्योग पार्क विकसित होगा। इसके लिए 6,150 करोड़ रुपये के निवेश और 35 हजार रोजगार का लक्ष्य है। रतलाम इन्वेस्टमेंट रीजन में 453 हेक्टेयर में बायो-फार्मा पार्क स्थापित किया जाएगा। इसमें 18 हजार करोड़ रुपये का निवेश और 25 हजार रोजगार के अवसर प्रस्तावित हैं। मंदसौर के बसई में 178.83 हेक्टेयर में 3,200 करोड़ रुपये की लागत से एग्रो पार्क विकसित होगा, जिससे 14 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने की उम्मीद है। वहीं, कुरलासी-गरोठ में 3,500 एकड़ में बनने वाले केमिकल पार्क में 15 हजार करोड़ रुपये का निवेश और एक लाख रोजगार का लक्ष्य रखा गया है।

छोटे उद्योगों और नई तकनीक को बढ़ावा

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए एमपी एमएसएमई लिमिटेड के गठन और 10 करोड़ रुपये के प्रारंभिक वित्तीय प्रावधान को मंजूरी दी गई। उद्योगों की अधोसंरचना विकास योजना के लिए 1,507 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। उद्योग संवर्धन गतिविधियों के लिए सीआईआई को तीन वर्ष तक एमपीआईडीसी का नेशनल पार्टनर बनाने का निर्णय भी लिया गया। अंतरिक्ष विज्ञान, कृषि तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 100 एकड़ में डीप टेक रिसर्च पार्क विकसित होगा। छिंदवाड़ा-पांढुर्णा में मल्टी-प्रोडक्ट औद्योगिक क्षेत्र और ग्वालियर के कुलैथ में टेलीकॉम परियोजना को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

सरकारी कर्मचारियों को दो बच्चों की शर्त से राहत

मंत्रिपरिषद ने शासकीय सेवाओं में नियुक्ति से जुड़ी दो बच्चों की बाध्यता समाप्त करने का निर्णय लिया। इसके लिए मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम, 1961 के उपनियम 6 और सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 22 में संबंधित स्पष्टीकरण हटाया जाएगा। इससे दो या अधिक जीवित संतान होने के आधार पर सरकारी कर्मचारियों के विरुद्ध चल रही अनुशासनात्मक कार्यवाहियां भी समाप्त हो सकेंगी।

छह जिलों में खुलेंगे विशेष न्यायालय

नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार से जुड़े मामलों के शीघ्र निराकरण के लिए एनडीपीएस अधिनियम के तहत इंदौर, मंदसौर, नीमच, सिंगरौली, भोपाल और रीवा में छह विशेष न्यायालय स्थापित किए जाएंगे। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2029 तक नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाना है।

मुरैना को विश्वविद्यालय, रीवा मेडिकल कॉलेज का बजट बढ़ा

मुरैना में श्री राधे विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई है। यहां शैक्षणिक सत्र 2027-28 से पढ़ाई शुरू करने की योजना है। वहीं, रीवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत राशि 321 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 414.17 करोड़ रुपये कर दी गई है।

ऊर्जा क्षेत्र में सौर और बैटरी परियोजनाओं को मंजूरी

ओंकारेश्वर में फ्लोटिंग सोलर परियोजना के दूसरे चरण में 200 मेगावाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र और 800 मेगावाट क्षमता की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली स्थापित की जाएगी। गांधीसागर में पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना को भी ऊर्जा प्रबंधन की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे बिजली की अधिक मांग के समय आपूर्ति में मदद मिलने की उम्मीद है।

उज्जैन में 855 करोड़ से बनेगा फॉरेस्ट जू

वन्यजीव संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उज्जैन के नौलखी आरक्षित वन क्षेत्र में 210 हेक्टेयर भूमि पर 855 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक फॉरेस्ट जू एवं रेस्क्यू सेंटर विकसित किया जाएगा। यहां घायल और वृद्ध वन्यजीवों की देखभाल के साथ जंगल सफारी की सुविधा भी विकसित होगी। परियोजना से छह हजार प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनने का अनुमान है।

हवाई सेवाओं के लिए बढ़ाई जाएगी प्रोत्साहन सहायता

मध्यप्रदेश नागर विमानन नीति-2025 में संशोधन कर घरेलू हवाई सेवाओं के लिए वायबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) सहायता की अवधि एक वर्ष से बढ़ाकर चार वर्ष और अंतरराष्ट्रीय सेवाओं के लिए एक वर्ष से बढ़ाकर दो वर्ष करने का निर्णय लिया गया। उज्जैन और शिवपुरी में एयरपोर्ट विकास के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई है।

गांधीसागर को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी

बैठक के दौरान गांधीसागर क्षेत्र को पर्यटन की नई पहचान देने से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चीता परियोजना, ऐतिहासिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता के कारण इस क्षेत्र में पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। वाटर स्पोर्ट्स, बोटिंग, मां चंबल की आरती और टेंट सिटी जैसी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। इस अवसर पर पर्यटन ब्रोशर, डिजिटल कॉफी टेबल बुक और क्यूआर कोड आधारित पर्यटन गाइड का शुभारंभ भी किया गया।

शेयर करें:

संबंधित खबरें