इंदौर के फूटी कोठी ब्रिज के नीचे मंडी हटाने पर मचा बवाल
नेता प्रतिपक्ष पर नगर निगम कर्मचारी को थप्पड़ मारने का आरोप

इंदौर के फूटी कोठी ब्रिज के नीचे संचालित सब्जी मंडी हटाने पहुंची नगर निगम की टीम को स्थानीय लोगों और कांग्रेस नेताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट पर एक कर्मचारी को थप्पड़ मारने का आरोप लगा। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
कांग्रेस पार्षद और पुलिस के बीच नोकझोंक
कार्रवाई के दौरान कांग्रेस पार्षद राजू भदौरिया और पुलिस जवानों के बीच तीखी बहस हुई। कांग्रेस नेताओं और सब्जी विक्रेताओं ने मंडी हटाने का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। हंगामे के चलते ब्रिज के नीचे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पांच थानों का पुलिस बल रहा तैनात
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पांच थानों का पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने सब्जी विक्रेताओं को वाहनों में बैठाकर वहां से रवाना किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया। इसके बाद पुलिस और नगर निगम की रिमूवल टीम ने ब्रिज के नीचे से मंडी हटाने की कार्रवाई पूरी की।
नेता प्रतिपक्ष को पुलिस ने लिया हिरासत में
नगर निगम कर्मचारी को थप्पड़ मारने के मामले में पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट को हिरासत में लिया। उल्लेखनीय है कि फूटी कोठी ब्रिज के नीचे से मंडी हटाए जाने के बाद कांग्रेस नेता सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच प्रशासन ने पुलिस बल की मौजूदगी में मंडी हटाने की कार्रवाई की।



