दिलजीत दोसांझ के शो के लिए इंदौर में बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था
रविवार दोपहर 4 बजे से कई मार्गों पर आवाजाही नियंत्रित

पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर रविवार को इंदौर में यातायात का स्वरूप बदला रहेगा। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था तैयार की है। इसके तहत दोपहर 4 बजे से कार्यक्रम स्थल के आसपास कई रास्तों पर डायवर्जन लागू होगा। पुलिस ने दर्शकों के वाहनों के लिए अलग पार्किंग स्थल तय किए हैं, जबकि भारी वाहनों की आवाजाही पर भी कुछ मार्गों में रोक रहेगी।
भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित रहेगा मार्ग
यातायात विभाग के अनुसार पटेल नगर क्रॉसिंग से दस्तूर चौराहा, स्टार चौराहा और रेडिसन चौराहे के रास्ते देवास नाका तक भारी वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य आयोजन क्षेत्र में यातायात का दबाव कम रखना है।
तीन जोन में मुफ्त पार्किंग की सुविधा
कॉन्सर्ट में पहुंचने वाले दर्शकों के चारपहिया वाहनों के लिए सी-21 बिजनेस पार्क परिसर में तीन जोन निर्धारित किए गए हैं। यहां निशुल्क पार्किंग की सुविधा मिलेगी। दोपहिया वाहनों को गेट नंबर पांच के सामने खड़ा करने की व्यवस्था की गई है।
अलग-अलग दिशाओं से आने वालों के लिए तय रास्ते
कनाड़िया की तरफ से आने वाले वाहन पटेल नगर कट से खजराना मार्ग और पाकीजा कॉलोनी होते हुए आई-2 रोड के जरिए पार्किंग तक पहुंचेंगे। रेडिसन चौराहे की दिशा से आने वाले वाहन साईं कृपा कट, स्टार चौराहा और लाभगंगा आरई-2 रोड का उपयोग कर सकेंगे। देवास की ओर से आने वालों के लिए डीपीएस अंडरब्रिज, टीसीएल, वेलवेट गार्डन तिराहा और लाभगंगा आरई-2 रोड का मार्ग निर्धारित किया गया है।
वीआईपी गेट के लिए जरूरी होगा विशेष पास
आयोजन के वीआईपी प्रवेश द्वार तक उन्हीं वाहनों को जाने की अनुमति होगी, जिन पर आयोजकों की ओर से जारी विशेष कार पास या स्टीकर लगा होगा। इन वाहनों के लिए लाभगंगा से द पार्क होटल, पतंग तिराहा और दस्तूर डिलाइट होते हुए वीआईपी गेट तक का रास्ता तय किया गया है। अन्य वाहनों को इस क्षेत्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
इंटरस्टेट बसों के लिए भी बदला रूट
बाहरी राज्यों से आने-जाने वाली बसों का पिकअप प्वाइंट संगम प्राइड रहेगा। बसें ब्रिज के ऊपर से होते हुए यहां पहुंचेंगी। बेस्ट प्राइस की ओर बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रेडिसन की तरफ से आने वाली बसें स्टार चौराहे से बाएं मुड़कर एडवांस एकेडमी होते हुए बेस्ट प्राइस से बायपास की ओर जाएंगी। व्हाइट चर्च से पिपल्याहाना की तरफ जाने वाली बसों को स्कीम नंबर 140, अग्रवाल स्कूल चौराहा और बिचौली अंडरब्रिज से हाईवे की ओर भेजा जाएगा।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
लवकुश चौराहा, बापट और स्कीम नंबर 136 की ओर से आने वाले भारी वाहन देवास नाका, मांगलिया और सेंट्रल पॉइंट होते हुए बायपास से खंडवा-मुंबई की दिशा में जाएंगे। वहीं खंडवा और देवगुराड़िया की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बायपास, सेंट्रल पॉइंट, मांगलिया और देवास नाका होते हुए बापट तथा लवकुश चौराहे से उज्जैन-धार की ओर जाने का रास्ता दिया गया है। डीसीपी ट्रैफिक राजेश त्रिपाठी ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है। गलत स्थान पर खड़े वाहनों को क्रेन से हटाने के साथ जुर्माने की कार्रवाई भी की जाएगी।



