इंदौर में दिलजीत दोसांझ का धमाकेदार शो, मंच से गूंजा जय श्री महाकाल का जयकारा
हजारों प्रशंसकों ने लिया संगीत का आनंद

पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने रविवार रात इंदौर में अपने संगीत कार्यक्रम से ऐसा माहौल बनाया कि हजारों प्रशंसक देर रात तक झूमते रहे। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने बाबा महाकाल के जयकारे के साथ की। मंच से ‘जय श्री महाकाल’ का उद्घोष करते हुए दिलजीत ने कहा कि यह बाबा महाकाल की धरती है और यहां आने से उन्हें कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि पहले भी नहीं डरे थे और आज भी नहीं डरते। प्रशंसकों का प्यार और समर्थन ही उन्हें यहां तक लेकर आया है।
45 फीट ऊंचे एलिवेटर से शानदार एंट्री
रात करीब 7:50 बजे दिलजीत दोसांझ ने 45 फीट ऊंचे एलिवेटर के जरिए मंच पर भव्य प्रवेश किया। उन्होंने कहा कि इंदौर आने से रोकने की कोशिशें हुईं, लेकिन प्रशंसकों से किया वादा निभाने के लिए वे पहुंचे हैं। उनका कहना था कि वे न पहले रुके थे और न आगे रुकेंगे।
राहत इंदौरी की गजल से दिया संदेश
कार्यक्रम के दौरान दिलजीत ने इंदौर के मशहूर शायर राहत इंदौरी को भी याद किया। उन्होंने उनकी चर्चित गजल की पंक्तियां सुनाईं—‘अगर खिलाफ हैं होने दो, जान थोड़ी है...’ और ‘सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।’ इन पंक्तियों के जरिए उन्होंने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि दर्शकों का प्यार और समर्थन उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
धमकियों और विवादों के बीच आयोजित हुआ कार्यक्रम
दिलजीत का इंदौर कॉन्सर्ट आयोजन से पहले भी सुर्खियों में रहा। कार्यक्रम को लेकर धमकी भरे ईमेल तीन निजी स्कूलों और महापौर कार्यालय को भेजे गए थे। इसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने जांच की थी। वहीं, बाल संरक्षण विभाग ने कार्यक्रम में चार गाने नहीं गाने के निर्देश दिए थे। इन तमाम परिस्थितियों के बीच निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कॉन्सर्ट आयोजित किया गया।
हिट गानों पर थिरके प्रशंसक
शो के दौरान दिलजीत ने ‘खुदा गवाह’, ‘सांसों की माला’ और ‘किन्नी किन्नी’ जैसे गानों की प्रस्तुति दी। पंजाबी संगीत की धुनों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। रात करीब 10 बजे आखिरी गाने के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
टिकट बिक्री के आंकड़े भी चर्चा में
कॉन्सर्ट की टिकट बिक्री को लेकर भी खासा उत्साह बताया गया। दावा है कि कार्यक्रम के लिए 7 करोड़ रुपये से अधिक के टिकट बिके। टिकटों की शुरुआती कीमत 1,500 रुपये रखी गई थी। वहीं, सबसे महंगी गोट टेबल की कीमत 8 लाख रुपये और बोर्न टू शाइन टेबल की कीमत 5 लाख रुपये बताई गई।



