दिग्विजय सिंह की पदयात्रा में बच्चों से नारे लगवाने का आरोप, मानवाधिकार आयोग ने मांगा जवाब
मुख्य सचिव और डीजीपी को नोटिस, दो सप्ताह में कार्रवाई रिपोर्ट देने के निर्देश

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ में बच्चों की कथित भागीदारी और उनसे राजनीतिक नारे लगवाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस संबंध में मिली शिकायत पर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने संज्ञान लेते हुए मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को नोटिस जारी किया है।
दो सप्ताह में मांगी कार्रवाई रिपोर्ट
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यात्रा के दौरान बच्चों से राजनीतिक नारे लगवाए गए। साथ ही, बच्चों को यात्रा में शामिल करने के लिए पैसे दिए जाने की आशंका भी जताई गई है। आयोग ने मामले को प्रथम दृष्टया बच्चों के अधिकारों से जुड़ा मानते हुए संबंधित अधिकारियों से जांच कराने और दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
तस्वीरों और वीडियो के इस्तेमाल की भी जांच
मामले में बच्चों की तस्वीरों और वीडियो के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। आयोग ने इस पहलू की जांच के लिए केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को भी निर्देश दिए हैं। अब संबंधित अधिकारियों की जांच और रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
उज्जैन से शुरू हुई थी यात्रा
दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ 20 अक्टूबर को उज्जैन से शुरू हुई थी। यात्रा का लक्ष्य अयोध्या पहुंचना बताया गया है। फिलहाल बच्चों को शामिल करने और उनसे नारे लगवाने से जुड़े आरोपों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



