जनशक्ति उजाला
समाचार

संविधान दिवस पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ

इंदौर के सरकारी कार्यालयों में हुआ प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
संविधान दिवस पर अधिकारी-कर्मचारियों के साथ प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करते कलेक्टर शिवम वर्मा।
संविधान दिवस पर अधिकारी-कर्मचारियों के साथ प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करते कलेक्टर शिवम वर्मा।
शेयर करें:

संविधान दिवस पर गुरुवार को इंदौर जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों और संस्थानों में आयोजन हुए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर उसके मूल आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान संविधान के प्रति निष्ठा रखने और शासकीय दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ भी ली गई।

कलेक्टर ने दिलाया संविधान के प्रति निष्ठा का संकल्प

कलेक्टर कार्यालय के सभागृह में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर शिवम वर्मा ने अधिकारी-कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। उन्होंने संविधान के प्रति निष्ठा, लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान और संवैधानिक कर्तव्यों के पालन की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर शिवम वर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। इसमें निहित समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता के सिद्धांत प्रत्येक नागरिक को आदर्श जीवन की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवकों को संविधान की भावना के अनुरूप अपने कार्य व्यवहार में निष्पक्षता, ईमानदारी और जिम्मेदारी बनाए रखनी चाहिए। जनसेवा के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना सभी का दायित्व है। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

संभागायुक्त कार्यालय में भी हुआ शपथ कार्यक्रम

संभागायुक्त कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान के मूल आदर्शों के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों का सम्मान करते हुए शासकीय जिम्मेदारियों का ईमानदारी से पालन करने का आह्वान किया।

बिजली कंपनी के अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया वाचन

मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के इंदौर कार्यालय में भी संविधान दिवस मनाया गया। गुरुवार सुबह आयोजित कार्यक्रम में मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश सिंह चौहान सहित कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। सभी ने संविधान के आदर्शों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए राष्ट्र के प्रति दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लिया।

शेयर करें:

संबंधित खबरें