CM योगी आदित्यनाथ ने सुनी जनता की फरियाद, अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश
जनता दर्शन में प्रत्येक फरियादी तक खुद पहुंचे मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान वे कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास स्वयं पहुंचे और एक-एक कर उनके प्रार्थना पत्र लेकर समस्याओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिपरक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
सादगी और सहजता के साथ फरियादियों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सहज और सादगीपूर्ण अंदाज भी देखने को मिला। वे किसी औपचारिक दूरी के बजाय स्वयं कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास पहुंचे, उनके प्रार्थना पत्र लिए और समस्याएं ध्यान से सुनीं। हर फरियादी से सीधे संवाद कर उसकी परेशानी समझने की उनकी पहल ने कार्यक्रम को केवल शिकायतें सुनने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि लोगों को अपनी बात मुख्यमंत्री तक सीधे पहुंचाने का अवसर भी दिया।
क्रिकेटर बनने की चाह लेकर पहुंचा कक्षा-8 का छात्र
जनता दर्शन में गोंडा जिले के इटियाथोक क्षेत्र स्थित पड़री पारासराय गांव का निवासी प्रिंस साहू भी पहुंचा। कक्षा आठ में पढ़ने वाले प्रिंस ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसे बचपन से क्रिकेट खेलने का शौक है और वह इस खेल में अपना नाम बनाना चाहता है। हालांकि, परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण वह क्रिकेट की कोचिंग की फीस और खेल सामग्री खरीदने में असमर्थ है।
मुख्यमंत्री ने की छात्र की काउंसलिंग
प्रिंस की बात सुनकर मुख्यमंत्री ने करीब चार-पांच मिनट तक उसके पास खड़े होकर बातचीत की। उन्होंने छात्र को समझाया कि अभी वह आठवीं कक्षा में है, इसलिए खेल के साथ पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान दे और अच्छे अंकों से सत्र उत्तीर्ण करे। मुख्यमंत्री ने उसे क्रिकेट कोचिंग में दाखिला दिलाने का भरोसा भी दिया। उन्होंने प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बेटा, तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए पढ़-लिखकर प्रिंस बनो। हम क्रिकेट में भी तुम्हारा एडमिशन करवा देंगे।
जरूरतमंदों के इलाज में नहीं आने दी जाएगी धन की कमी
मुख्यमंत्री ने आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे लोगों को भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी भी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपचार का एस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जरूरतमंदों के मामलों में तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विभिन्न विभागों की शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में पुलिस, राजस्व, शिक्षा और बिजली सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजते हुए समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण संवेदनशीलता, निष्पक्षता और तय समयसीमा के भीतर होना चाहिए, ताकि फरियादियों को वास्तविक राहत मिल सके।



