जनशक्ति उजाला
समाचार

सीएम डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय गौरव दिवस पर खोला सौगातों का पिटारा, विकास कार्यों को मिली नई रफ्तार

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर धार के डही में राज्य स्तरीय समारोह

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: धार, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
डही में जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंच पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अतिथि मौजूद रहे ।
डही में जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंच पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अतिथि मौजूद रहे ।
शेयर करें:

मध्यप्रदेश में जनजातीय समाज के सामाजिक और आर्थिक विकास के साथ कृषि सुविधाओं के विस्तार को लेकर सरकार ने अपनी प्राथमिकताएं सामने रखी हैं। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर धार जिले के डही में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकास और जनकल्याण से जुड़ी कई योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री ने जिले को 1570 करोड़ रुपए से अधिक के 115 विकास कार्यों की सौगात दी।

1353 करोड़ की सिंचाई परियोजना का लोकार्पण

समारोह का प्रमुख आकर्षण 1353.18 करोड़ रुपए की डही माइक्रो सिंचाई उद्वहन परियोजना का लोकार्पण रहा। इससे धार और आलीराजपुर जिले के 126 गांवों की करीब 47 हजार हेक्टेयर भूमि को नर्मदा जल से सिंचाई की सुविधा मिलेगी। परियोजना से लगभग एक लाख किसानों को लाभ पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा 1402 करोड़ रुपए के आठ विकास कार्यों का लोकार्पण और 168.56 करोड़ रुपए के 107 कार्यों का भूमि-पूजन किया गया।

जनजातीय विकास सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और प्रधानमंत्री जनमन अभियान के जरिए जनजातीय बहुल क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश के 2671 छात्रावासों में प्रतिवर्ष करीब 1.40 लाख विद्यार्थियों को आवासीय शिक्षा की सुविधा मिल रही है।

प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद से मुक्ति को बताया बड़ी सफलता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से देशभर के कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कहा कि 31 मार्च 2026 तक देश नक्सलवाद की समस्या से मुक्त हो चुका है। उन्होंने गरीबी उन्मूलन और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय वीरों का बलिदान देश की राष्ट्रीय चेतना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस अवसर पर देशभर में 30 हजार करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया गया।

हितग्राहियों को लाभ, प्रतिभाओं का सम्मान

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों के 91 समूहों को 5.30 करोड़ रुपए का ऋण वितरित किया गया। विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को भी लाभ दिया गया। बाग प्रिंट उत्पादन और ब्रिक्स सम्मेलन में सहभागिता के लिए श्यामि बाई डोडवे को सम्मानित किया गया। समारोह में केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग मौजूद रहे।

डही में मुख्यमंत्री का रोड शो

समारोह से पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डही बस स्टैंड से पुलिस ग्राउंड तक रोड शो किया। मार्ग में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। जनजातीय कलाकारों की पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और ढोल-मांदल की प्रस्तुतियों ने आयोजन को सांस्कृतिक रंग दिया।

शेयर करें:

संबंधित खबरें