जनशक्ति उजाला
समाचार

सीएम मोहन यादव का संकल्प, जनजातीय नायकों की गौरवगाथा अब पहुंचेगी हर पीढ़ी तक

जनजातीय गौरव दिवस पर प्रदेशभर में सप्ताहभर होंगे आयोजन

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: जबलपुर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
जनजातीय गौरव दिवस समारोह में संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ।
जनजातीय गौरव दिवस समारोह में संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ।
शेयर करें:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, बलिदान और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों को सदियों तक प्रेरित करते रहेंगे। मात्र 25 वर्ष के जीवन में उन्होंने जनजातीय समाज के स्वाभिमान, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया, वह भारतीय इतिहास की अमूल्य विरासत है। स्वाभिमान से बड़ा कोई धन नहीं और संस्कृति से बड़ा कोई गहना नहीं। मुख्यमंत्री ने यह बात शनिवार को जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कही।

जनजातीय नायकों को मिलेगा उचित सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और नायकों को उनकी पहचान और सम्मान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह, टंट्या मामा और भीमा नायक जैसे वीरों का योगदान देश की गौरवशाली विरासत है। प्रदेश सरकार इनके इतिहास और स्मृतियों को संरक्षित करने के लिए लगातार काम कर रही है।

नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने की पहल

डॉ. यादव ने बताया कि जनजातीय नायकों के सम्मान में प्रदेश के सभी जिलों, 90 विकासखंडों, स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों में सप्ताहभर कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनका उद्देश्य युवाओं को जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष और योगदान से परिचित कराना है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के विचार जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करने की प्रेरणा देते हैं।

शिक्षा और विकास के लिए 133 करोड़ से अधिक के कार्य

मुख्यमंत्री ने जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कुल 133 करोड़ 5 लाख 97 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 16 करोड़ 75 लाख 39 हजार रुपये की लागत से सिहोरा में आईटीआई भवन, बालक-बालिका छात्रावास और आवास गृहों का भूमिपूजन शामिल है। वहीं 116 करोड़ 30 लाख 58 हजार रुपये की लागत से छिंदवाड़ा, बालाघाट और डिंडौरी में चार शैक्षणिक संस्थानों का लोकार्पण किया गया।

जनजातीय अंचलों में बढ़ेंगी सुविधाएं और रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडला सहित जनजातीय क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं। उद्योगों की स्थापना, रोजगार के अवसर, मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से गांवों में सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। बैगा, सहरिया और भारिया जैसी विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

प्रतिभाओं और उपलब्धि हासिल करने वालों का सम्मान

समारोह में मुख्यमंत्री ने जल संरक्षण, मोटे अनाज के संरक्षण, शिक्षा, खेल, साहित्य और स्वरोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जनजातीय समाज के प्रतिभावान लोगों को सम्मानित किया। इनमें दसवीं में प्रदेश में आठवीं रैंक हासिल करने वाली पूजा धुर्वे, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं स्वर्ण पदक विजेता जमुना वीके तथा द्रौपदी ध्रुवे सहित अन्य प्रतिभाएं शामिल रहीं।

केंद्रीय मंत्री और जनप्रतिनिधियों ने भी रखे विचार

केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गा दास उइके, जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, पीएचई मंत्री संपतिया उइके और सांसद आशीष दुबे ने भी भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए जनजातीय समाज की संस्कृति, अधिकारों और विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। कार्यक्रम में जनजातीय परंपराओं के अनुरूप अतिथियों का स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने जनजातीय वीर नायकों की गौरवगाथा पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

शेयर करें:

संबंधित खबरें