जनशक्ति उजाला
समाचार

सीएम मोहन यादव ने ओंकारेश्वर में पांचवीं नर्मदा परिक्रमा का किया शुभारंभ

दादा गुरुजी के सानिध्य में मां नर्मदा का पूजन कर श्रद्धालुओं को दीं मंगलकामनाएं

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: ओंकारेश्वर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
ओंकारेश्वर में मां नर्मदा की पूजा करते दादा गुरुजी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं उपस्थित अन्य मंत्रीगण और अतिथिगण।
ओंकारेश्वर में मां नर्मदा की पूजा करते दादा गुरुजी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं उपस्थित अन्य मंत्रीगण और अतिथिगण।
शेयर करें:

कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में पांचवीं मां नर्मदा सेवा परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अवधूत सिद्ध महायोगी दादा गुरुजी के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की। उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा खुशहाली की कामना करते हुए परिक्रमा में शामिल श्रद्धालुओं को यात्रा की सफलता और निर्विघ्न पूर्णता के लिए शुभकामनाएं दीं।

संतों का सानिध्य ईश्वर से संवाद का माध्यम

मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों का सानिध्य प्राप्त होना सौभाग्य की बात है। संतों के माध्यम से व्यक्ति को ईश्वर से संवाद का अवसर मिलता है। दादा गुरुजी के मार्गदर्शन में आयोजित नर्मदा परिक्रमा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, साधना, सद्भाव और लोककल्याण से जुड़ा आध्यात्मिक मार्ग है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में आपसी समरसता और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होता है।

विश्व में बढ़ रही सनातन संस्कृति की पहचान

डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व भारतीय सनातन संस्कृति और उसके वैभव से परिचित हो रहा है। स्वामी विवेकानंद ने करीब एक सदी पहले भारत के भविष्य को लेकर जो दृष्टि प्रस्तुत की थी, आज देश उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारत की युवा शक्ति और सामर्थ्य को दुनिया पहचान रही है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपराएं समाज को जोड़ने के साथ मानव कल्याण का संदेश देती हैं।

नर्मदा की पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां नर्मदा का तट आध्यात्मिक साधना का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसकी पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। राज्य सरकार ने परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। उन्होंने कामना की कि दादा गुरुजी का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और परिक्रमा निर्विघ्न संपन्न हो।

मां नर्मदा को बताया जीवन और ज्ञान का आधार

दादा गुरुजी ने कहा कि ईश्वरीय भक्ति और साधना व्यक्ति के व्यक्तित्व का विकास करती है। मां नर्मदा केवल नदी नहीं, बल्कि जीवन, ज्ञान, आचार-विचार, विकास और व्यवस्था का आधार हैं। उनके तट पर अनेक सभ्यताओं का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि नर्मदा परिक्रमा एक साधना है, जिसके केंद्र में लोककल्याण, परस्पर सद्भाव और सामाजिक समरसता की भावना निहित है।

आरती के साथ शुरू हुई परिक्रमा

कार्यक्रम के दौरान मां नर्मदा को चुनरी अर्पित की गई और जयघोष के बीच परिक्रमा यात्रा प्रारंभ हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नर्मदा मैया की आरती और पूजन के बाद गौमुख घाट से परिक्रमा में भी सहभागिता की। इस अवसर पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सहकारिता तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, राज्य मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें