जनशक्ति उजाला
समाचार

CM ने जल संकट पर दिखाई गंभीरता, शहरों और गांवों के लिए अलग कार्ययोजना बनाने के निर्देश

कम बारिश वाले 12 जिलों की पेयजल व्यवस्था की समीक्षा

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: भोपाल/इंदौर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जल प्रबंधन और पेयजल आपूर्ति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जल प्रबंधन और पेयजल आपूर्ति की समीक्षा की।
शेयर करें:

मध्यप्रदेश में कम बारिश के कारण संभावित जल संकट को देखते हुए राज्य सरकार ने नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को जल प्रबंधन और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरों के साथ गांवों में भी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अलग-अलग कार्ययोजना बनाकर काम किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मनुष्यों और मवेशियों दोनों की जरूरतों का ध्यान रखा जाए।

जल संकट वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक इंतजाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में पर्याप्त पानी उपलब्ध है, वहां आपूर्ति निर्बाध रखी जाए। वहीं, जल संकट से प्रभावित इलाकों में टैंकरों से पानी पहुंचाने, नए नलकूप खोदने और जल संचयन के अतिरिक्त इंतजाम किए जाएं। जरूरत पड़ने पर जल संरक्षण के लिए प्रतिबंधात्मक कदम भी उठाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को तात्कालिक व्यवस्था के साथ स्थायी समाधान विकसित करने पर भी जोर दिया।

12 जिलों के कलेक्टरों से ली सीधी जानकारी

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने आलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, उज्जैन, इंदौर, शाजापुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा के कलेक्टरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की। उन्होंने जिलों में मौजूदा जल उपलब्धता, पेयजल आपूर्ति और आगामी तैयारियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने समूह जल प्रदाय योजनाओं को मजबूत करने तथा आवश्यकता वाले क्षेत्रों में नए नलकूप खनन की अनुमति देने की बात कही।

नगरीय निकायों के लिए 165.95 करोड़ का प्रावधान

अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास संजय दुबे ने बताया कि प्रदेश के सभी 413 नगरीय निकायों में जल प्रबंधन के लिए 165.95 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की गई है। निकायों को 30 जून 2027 तक समुचित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 126 नगरीय निकायों में पहले से निर्माणाधीन जल प्रदाय योजनाएं मार्च 2027 तक पूरी होने की संभावना है। इससे संबंधित क्षेत्रों में नियमित जल आपूर्ति का रास्ता मजबूत होगा। संकट की स्थिति में परिवहन के लिए निकायों के अपने या अधिगृहीत जल स्रोतों और टैंकरों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं।

ग्रामीण इलाकों के लिए 187 करोड़ से अधिक की योजना

अपर मुख्य सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास दीपाली रस्तोगी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल प्रबंधन के लिए 187 करोड़ रुपये से अधिक की कार्ययोजना तैयार की गई है। प्रदेश में 65 हजार से अधिक हैंडपंप, राइजर पाइप, बोरवेल और समूह जल प्रदाय योजनाओं के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। नए नलकूप खनन की अनुमति मिलने के बाद जरूरत वाले जिलों में अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जल प्रबंधन और पेयजल आपूर्ति से जुड़े करीब एक लाख कार्य वर्तमान में प्रगतिरत हैं।

जल संरक्षण के लिए जनभागीदारी पर जोर

बैठक में कलेक्टरों ने अपने जिलों में जल संरक्षण और आपूर्ति व्यवस्था के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कम वर्षा वाले क्षेत्रों में जनजागृति अभियान चलाने के साथ जलदूत नियुक्त किए जा रहे हैं। अत्यधिक आवश्यकता होने पर जल संरक्षण अधिनियम के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।

बैठक में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इंदौर कलेक्टर कार्यालय के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, विधायक महेंद्र हार्डिया और मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।

शेयर करें:

संबंधित खबरें