जनशक्ति उजाला
समाचार

सीएम डॉ. मोहन यादव का बड़ा ऐलान, दो साल में मध्यप्रदेश को बनाएंगे देश की मिल्क कैपिटल

भोपाल में बनेगा उन्नत नस्ल की गायों का भ्रूण उत्पादन केंद्र

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: भोपाल, मध्य प्रदेश4 मिनट पढ़ें
भोपाल के रविंद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
भोपाल के रविंद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
शेयर करें:

मध्यप्रदेश को दूध उत्पादन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार ने बड़ा लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि अगले दो वर्षों में मध्यप्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश में प्रतिदिन दूध संकलन की क्षमता को 12 लाख किलोग्राम से बढ़ाकर 52 लाख किलोग्राम करने की योजना पर काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यह बात सोमवार, 9 नवंबर को भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में कही।

भोपाल में बनेगा उन्नत नस्ल के भ्रूण उत्पादन का केंद्र

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भोपाल में उन्नत नस्ल की गायों के भ्रूण उत्पादन केंद्र की स्थापना को मंजूरी दी है। इस केंद्र में प्रतिवर्ष एक लाख भ्रूण तैयार किए जाएंगे। इससे प्रदेश में गिर और साहीवाल जैसी उन्नत नस्लों के पशुपालन को बढ़ावा मिलने के साथ दूध उत्पादन में भी वृद्धि होगी। इसके अलावा भोपाल के बरखेड़ी डोब में 10 हजार गौवंश की क्षमता वाली आधुनिक गौशाला का निर्माण किया जा रहा है।

गौशालाओं के लिए 65.66 करोड़ रुपये जारी

समारोह में मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की तीन हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं के लिए 65.66 करोड़ रुपये की अनुदान राशि अंतरित की। इस राशि से गौशालाओं में रह रहे 5 लाख 51 हजार से अधिक गौवंश के भरण-पोषण में सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि गौशालाओं में संरक्षित निराश्रित गौवंश के बेहतर पोषण के लिए प्रति गाय मिलने वाली अनुदान राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये कर दी गई है।

466 पशुपालकों को मिली पुरस्कार राशि

गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत प्रदेश के 466 उत्कृष्ट पशुपालकों को कुल 2.95 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी अंतरित की गई। योजना में प्रथम पुरस्कार एक लाख, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार और तृतीय पुरस्कार 25 हजार रुपये निर्धारित है। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट पशुपालकों, दूध उत्पादकों और गौसेवकों को प्रशस्ति पत्र एवं 56 भोग की थाल भेंट कर सम्मानित किया। उज्जैन जिले के ग्राम तालोद के गौरव रघुवंशी की गिर गाय ने प्रतिदिन 19.760 लीटर दूध उत्पादन के साथ प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया।

पशुपालन से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौपालन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आर्थिक मजबूती का महत्वपूर्ण माध्यम है। सरकार डेयरी सहकारिता को मजबूत करने के लिए श्वेत क्रांति 2.0 पर काम कर रही है। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत 25 दुधारू गाय या भैंस की इकाई स्थापित करने पर 42 लाख रुपये तक की ऋण सहायता और 13.86 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है। डेयरी क्षेत्र की पूरी वैल्यू चेन को डिजिटल बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। प्रदेश में गौ-एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाने और आधुनिक गौशालाओं के विकास की योजना भी है।

प्रकृति संरक्षण और सामाजिक भागीदारी पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उसके संरक्षण का पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला हमें गौवंश की रक्षा, पर्यावरण के सम्मान और सामूहिक सहयोग का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि समाज के आयोजनों में सरकार भी बढ़-चढ़कर भाग लेगी। किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन, मछली पालन, उद्यानिकी और प्राकृतिक खेती को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश में पहले स्थान पर है। प्रदेश में बड़े पशु मेले आयोजित कर उन्नत नस्ल के पशुओं और आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

313 विकासखंडों में विकसित होंगे वृंदावन ग्राम

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में वृंदावन ग्राम विकसित किए जा रहे हैं, जहां पशुपालन को प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण में गौवंश संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना महत्वपूर्ण है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें