संत समाज को सही दिशा देने के साथ संस्कारों का निर्माण करते हैं : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
जैन मंदिर में जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संतों का सानिध्य और उनकी वाणी समाज को सही दिशा देने का काम करती है। संतों के विचारों से न केवल व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है, बल्कि समाज में अच्छे संस्कारों और सद्कर्मों की भावना भी मजबूत होती है। संत दर्शन से जीवन को नई प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री सोमवार को क्लर्क कॉलोनी स्थित दिगम्बर जैन मंदिर में आयोजित जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम जैन मुनि के सानिध्य में आयोजित किया गया।
संतों के विचार समाज के लिए प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए यह परम सौभाग्य का अवसर है कि उन्हें संतों की वाणी सुनने का अवसर मिला। संतों के विचारों का प्रभाव केवल शब्दों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि व्यक्ति के आचरण और जीवन को भी पवित्र बनाता है। भगवान महावीर स्वामी के बताए मार्ग पर चलकर जैन समाज ने समृद्धि और संस्कारों की मिसाल कायम की है। जैन संत अपने प्रवचनों के माध्यम से लोगों को सद्कर्मों की शिक्षा देकर संस्कारित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
गौपालन और दूध उत्पादन पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को व्यसनों से दूर रहकर अच्छे कार्यों की ओर बढ़ना चाहिए। प्रदेश सरकार दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। गौपालन को प्रोत्साहित करने के साथ गौपालकों को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति का विस्तार भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए आयुर्वेद महाविद्यालयों और चिकित्सालयों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
संत ने मुख्यमंत्री को भेंट किया अभिमंत्रित कलश
कार्यक्रम में जैन संत सुधासागर महाराज ने कहा कि भारत ऐसा देश है, जहां सभी धर्मों और संप्रदायों का सम्मान किया जाता है तथा घर-घर में गौपालन की परंपरा रही है। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री ने जैन मुनि का आशीर्वाद प्राप्त किया। संत ने उन्हें अभिमंत्रित कलश भेंट किया। इस अवसर पर विधायक रमेश मेंदोला, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, सुमित मिश्र, श्रवण सिंह चावड़ा, हरिनारायण यादव सहित जैन संत और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



