मेट्रोपॉलिटन सिटी बन रहा मालवा, सिंहस्थ 2028 के लिए होटल सुविधाओं का विस्तार जरूरी : सीएम मोहन यादव
इंदौर में निजी होटल का उद्घाटन ; पर्यटन और निवेश से खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मालवा क्षेत्र तेजी से मेट्रोपॉलिटन सिटी के रूप में विकसित हो रहा है। पर्यटन, व्यापार और निवेश की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। मुख्यमंत्री मंगलवार को इंदौर में एक निजी होटल के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए, जहां उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के लिहाज से जरूरी विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2028 में उज्जैन में सिंहस्थ का आयोजन होना है। इंदौर और उज्जैन की नजदीकी के चलते यहां बड़ी संख्या में देश-दुनिया से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचेंगे। इस दृष्टि से दोनों शहरों और आसपास होटल सुविधाओं का विस्तार बेहद आवश्यक है। इसके साथ ही कॉर्पोरेट बैठकों और व्यापारिक आयोजनों के लिए भी आधुनिक होटलों की मांग पूरी होगी।
निवेश बढ़ने से युवाओं को मिलेंगे रोजगार
सीएम ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन और व्यावसायिक परियोजनाओं के विकसित होने से आर्थिक गतिविधियों को गति मिल रही है। निवेश बढ़ने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे। नवरात्रि के पावन पर्व पर अहिल्या नगरी में इस तरह की आधुनिक सुविधाओं की शुरुआत भविष्य के लिहाज से मील का पत्थर साबित होगी।
समारोह में ये रहे उपस्थित
एयरपोर्ट से सीधे होटल पहुंचे मुख्यमंत्री के साथ कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, विधायक मधु वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



