जनशक्ति उजाला
समाचार

सीएम डॉ. मोहन यादव ने ढेंडिया में पंचायत भवन और भव्य मैरिज गार्डन का किया लोकार्पण

2.20 करोड़ रुपये से तैयार हुए परिसर से बढ़ेगी पंचायत की आय,

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: उज्जैन, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
ग्राम ढेंडिया में नवनिर्मित पंचायत भवन सह मैरिज गार्डन का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।
ग्राम ढेंडिया में नवनिर्मित पंचायत भवन सह मैरिज गार्डन का लोकार्पण करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।
शेयर करें:

ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को दीपावली के अवसर पर उज्जैन जिले के ग्राम ढेंडिया में 2 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन सह मैरिज गार्डन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार गांवों में रहने वाले लोगों को संपत्ति का अधिकार देने के साथ महिलाओं और ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयास कर रही है।

ग्रामीणों को मिल रहा संपत्ति का अधिकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना (स्वामित्व पंजीयन) के तहत ग्रामीण पट्टाधारकों के मकानों और प्लॉट की निःशुल्क रजिस्ट्री कर उन्हें वास्तविक संपत्ति मालिक बनाया जा रहा है। उज्जैन जिले में अब तक 74,791 पात्र हितग्राहियों के मकानों और प्लॉट की रजिस्ट्री का कार्य पूरा हो चुका है। इस उपलब्धि के साथ उज्जैन जिला पूरे प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 50 से 70 लाख पात्र ग्रामीण पट्टाधारियों की संपत्तियों की निःशुल्क रजिस्ट्री का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सरकार ने 10 हजार करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।

पंचायत की आय बढ़ाएगा मैरिज गार्डन

ग्राम ढेंडिया में 37 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त पंचायत भवन और 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से पांच बीघा क्षेत्र में मैरिज गार्डन तैयार किया गया है। पंचायत भवन में सरपंच, सचिव और पटवारी के लिए अलग-अलग कक्षों के साथ बैठक हॉल बनाया गया है। वहीं मैरिज गार्डन में 26 कमरे, 12,880 वर्गफीट का विशाल डोम और 3,600 वर्गफीट का किचन शेड बनाया गया है। इसके अलावा ग्रीन लॉन, छोटा स्विमिंग पूल और भव्य स्टेज की व्यवस्था भी की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे ग्राम पंचायत की आय बढ़ेगी और ग्रामीणों को किफायती दर पर विवाह आयोजन की सुविधा मिलेगी।

महिलाओं को रोजगार और होमस्टे के लिए प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्राम ढेंडिया की महिलाएं नजदीकी वस्त्र उद्योग में सिलाई का काम करके प्रतिमाह 12 से 15 हजार रुपये तक कमा रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों को घरों में अतिरिक्त कमरे बनाकर होमस्टे संचालित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। इसके लिए सरकार दो लाख रुपये तक की सहायता दे रही है। उन्होंने कहा कि पशुपालन, मत्स्य पालन और दुग्ध उत्पादन के माध्यम से भी ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, अन्य जनप्रतिनिधि, ग्राम सरपंच सावित्री नरेंद्र पोरवाल, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें