CM डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर का किया लोकार्पण
खिलाड़ियों को मिले 9.23 करोड़

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में रविवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नाथू बरखेड़ा स्थित लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत से विकसित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के पहले चरण का लोकार्पण किया। 134 एकड़ में फैले इस परिसर के शुभारंभ समारोह में छह देशों की महिला हॉकी टीमों ने मार्च पास्ट किया। इस दौरान एशियन गेम्स, पैरा एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले 34 खिलाड़ियों को कुल 9.23 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया खेल इतिहास का स्वर्णिम दिन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भोपाल और मध्यप्रदेश के खेल इतिहास में आज का दिन स्वर्णिम दिवस है। अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के पहले चरण का लोकार्पण खेलों और खिलाड़ियों के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण सौगात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अन्य क्षेत्रों के साथ खेल क्षेत्र के विकास के लिए भी विशेष प्रयास किए हैं। आज भारतीय युवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और खेल जगत में देश की कीर्ति पताका लहरा रहे हैं।
मोबाइल टॉर्च जलाकर किया सामूहिक लोकार्पण
समारोह को यादगार बनाते हुए मुख्यमंत्री ने मौजूद खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों से मोबाइल फोन की टॉर्च जलाकर लोकार्पण में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने स्वयं भी मोबाइल की टॉर्च जलाई। मुख्यमंत्री ने इस रोशनी को उत्साह, उमंग और देश-प्रदेश में खेलों के स्वर्णिम भविष्य का प्रतीक बताया।
छह देशों की महिला हॉकी टीमों ने किया मार्च पास्ट
कार्यक्रम में भारत, चीन, दक्षिण कोरिया, जापान, मलेशिया और थाईलैंड की महिला हॉकी टीमों ने मार्च पास्ट किया। समारोह में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। प्रसिद्ध गायक सुखविंदर सिंह ने सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी।
भोपाल को खेलों का प्रमुख केंद्र बनाने की तैयारी
खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश खेलों की प्रगति में अपनी अलग पहचान बना रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस परिसर से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने बताया कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। भोपाल में क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना को भी मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिल चुकी है। सरकार राजधानी की हॉकी पहचान को मजबूत करने के साथ उसे खेल गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना चाहती है।



