जनशक्ति उजाला
समाचार

सीएम जल्द देंगे प्रदेशवासियों को हाईटेक बसों की सौगात

घर बैठे मिलेगी डिजिटल सुविधाएं

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: भोपाल, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की बस परिवहन व्यवस्था को हाईटेक बनाने की तैयारी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश की बस परिवहन व्यवस्था को हाईटेक बनाने की तैयारी।
शेयर करें:

मध्य प्रदेश में सार्वजनिक बस परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की तैयारी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जल्द ही प्रदेशवासियों को हाईटेक बस परिवहन सेवा की सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) अगले वर्ष फरवरी से शुरू करने की योजना है। इसके लागू होने के बाद यात्रियों को बस के इंतजार में बस स्टैंड पर अनावश्यक समय नहीं बिताना पड़ेगा। मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल के माध्यम से घर बैठे बस की लाइव लोकेशन, पहुंचने का अनुमानित समय, किराया, रूट और समय सारणी की जानकारी मिल सकेगी। यात्री सीटों की उपलब्धता देखकर ऑनलाइन टिकट भी बुक कर सकेंगे।

डिजिटल भुगतान के साथ सुरक्षा की सुविधा

नई व्यवस्था में टिकट के भुगतान के लिए यूपीआई, नकद, डिजिटल वॉलेट, स्मार्ट कार्ड और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) जैसे विकल्प देने की योजना है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बस में चार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यात्रा के दौरान आपात स्थिति में पैनिक बटन और एसओएस अलर्ट के जरिए सहायता मांगने की सुविधा भी मिलेगी।

प्रदेश और संभाग स्तर पर बनेंगे कंट्रोल सेंटर

बसों के संचालन पर निगरानी रखने के लिए प्रदेश स्तर पर इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया जाएगा। यहां से बसों की आवाजाही, संचालन, सुरक्षा और यात्रियों की शिकायतों पर नजर रखी जाएगी। जीपीएस के जरिए ओवरस्पीडिंग, निर्धारित मार्ग से बस के हटने, स्टॉपेज छोड़ने और तय दूरी से जुड़ी जानकारी मिल सकेगी। इसके अलावा संभागीय मुख्यालयों पर सात कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाए जाएंगे। प्रत्येक बस में प्रस्तावित चार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की दूरस्थ निगरानी और वीडियो विश्लेषण भी किया जा सकेगा।

एक साल में 2500 बसें चलाने का लक्ष्य

मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं अधोसंरचना लिमिटेड (एमपीवाईपीआईएल) ने बुधवार को आईटीएमएस के लिए प्री-बिड बैठक आयोजित की। पूरी निविदा प्रक्रिया एक महीने में पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना को हाइब्रिड एन्युटी आधारित सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर विकसित करने का प्रस्ताव है। इसे देश में अपनी तरह की पहली परियोजना बताया जा रहा है। वर्तमान में पीएम ई-बस सेवा सहित सुगम परिवहन सेवा के तहत करीब 1500 बसें संचालित हो रही हैं। अगले एक वर्ष में कुल बसों की संख्या बढ़ाकर 2500 करने का लक्ष्य है। परिवहन विभाग के सचिव मनीष सिंह के अनुसार, निविदा प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर परियोजना शुरू करने की तैयारी है। इसमें व्हीकल लोकेशन सिस्टम, पैसेंजर इन्फॉर्मेशन सिस्टम और स्मार्ट टिकटिंग सहित कई मॉड्यूल शामिल होंगे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें