जनशक्ति उजाला
समाचार

गौवर्धन पूजा से गौसंवर्धन का संदेश, सीएम डॉ. मोहन यादव ने तिलकेश्वर महादेव गौशाला में किया पूजन

उज्जैन में मुख्यमंत्री ने गौमाता को खिलाई गुड़-रोटी, सिंहस्थ की तैयारियों में जनभागीदारी को बताया जरूरी

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: उज्जैन, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
तिलकेश्वर महादेव मंदिर में अभिषेक और गौशाला में गोवर्धन पूजा करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।
तिलकेश्वर महादेव मंदिर में अभिषेक और गौशाला में गोवर्धन पूजा करते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव।
शेयर करें:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार, 9 नवंबर को उज्जैन स्थित तिलकेश्वर महादेव गौशाला में विधि-विधान से गौवर्धन पूजा की। इस दौरान उन्होंने गौमाता का पूजन कर उन्हें गुड़-रोटी खिलाई। मुख्यमंत्री ने तिलकेश्वर महादेव मंदिर में अभिषेक भी किया। इस धार्मिक अनुष्ठान में उज्जैन के समाजसेवी अभय यादव भी मुख्यमंत्री के साथ शामिल हुए और अभिषेक में सहभागिता की।

गौमाता से जुड़ाव सनातन संस्कृति की पहचान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली है और इस नगरी का गौरवशाली अतीत रहा है। गौवर्धन पूजा सनातन संस्कृति की महत्वपूर्ण पहचान है। दीपावली के अवसर पर गौधन का पूजन हमारी परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल गौमाता की पूजा करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को गौमाता के पालन और संरक्षण की दिशा में भी आगे आना चाहिए।

सिंहस्थ की तैयारियों में जुटा उज्जैन

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी सिंहस्थ में लगभग 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए उज्जैन में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। शहर में 500 किलोमीटर से अधिक लंबाई की सड़कों का निर्माण हो रहा है। शिप्रा नदी में श्रद्धालुओं के स्नान के लिए नए घाट विकसित किए जा रहे हैं और वहां तक पहुंचने के लिए सुगम मार्ग तैयार किए जा रहे हैं। तिलकेश्वर महादेव के समीप वाल्मीकि धाम में नया पुलिस थाना भी बनाया जाएगा।

श्रद्धालुओं के स्वागत में भागीदारी की अपील

मुख्यमंत्री ने उज्जैनवासियों से सिंहस्थ में आने वाले श्रद्धालुओं का खुले मन से स्वागत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु यहां से बेहतर आतिथ्य सत्कार का अनुभव लेकर लौटे। इसके लिए नागरिक अपनी खाली जमीन पर टेंट सिटी विकसित कर सकते हैं। घरों में अतिरिक्त कमरे तैयार करने के साथ होटल और होमस्टे की सुविधाएं भी बढ़ाई जा सकती हैं। इससे श्रद्धालुओं को ठहरने की सुविधा मिलेगी और स्थानीय लोगों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर भी बनेंगे।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, यूडीए अध्यक्ष रवि सोलंकी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक और गौपालक उपस्थित रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें