CM डॉ. मोहन यादव की कलेक्टरों को दोटूक चेतावनी, किसानों को खाद नहीं मिली तो अफसर होंगे जिम्मेदार
दीपावली पर अवैध शराब और प्रतिबंधित पटाखों पर सख्ती, नशे के नेटवर्क को तोड़ने और धनतेरस पर शत-प्रतिशत रजिस्ट्री के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपावली और खेती-किसानी के महत्वपूर्ण समय को देखते हुए प्रदेश के प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। वहीं, किसानों को खाद-उर्वरक की उपलब्धता में परेशानी हुई तो संबंधित जिले के कलेक्टर जिम्मेदार माने जाएंगे। मुख्यमंत्री बुधवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन से सभी जिलों के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा कर रहे थे।
अवैध शराब और प्रतिबंधित पटाखों पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि दीपावली के दौरान अवैध और प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री एवं उपयोग पर प्रभावी रोक लगाई जाए। मानव स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप का इस्तेमाल भी नहीं होना चाहिए। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा गया। जहरीली और नकली शराब बनाने वाले ठिकानों की पहचान कर जिम्मेदार लोगों पर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। लाइसेंसी दुकानों पर निर्धारित कीमत से अधिक वसूली रोकने और शराब के नमूनों की जांच कराने पर भी जोर दिया।
छोटे दुकानदारों को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने दीपावली के दौरान बाजारों में फल, फूल, दीपक, बाती और झालर बेचने वाले छोटे व्यापारियों को तहबाजारी से छूट देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के समय इन दुकानदारों को अनावश्यक परेशान नहीं किया जाए। अधिकारियों से गरीब बस्तियों, अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में बच्चों एवं जरूरतमंदों के साथ दीपावली मनाने की अपील भी की।
नशे के कारोबार पर नेटवर्क तोड़ने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने गांजा, अफीम सहित अन्य मादक पदार्थों की अवैध खेती और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस तथा नारकोटिक्स विभाग को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। नशीले पदार्थ बनाने वाली लैब बंद कराने, विशेष टीम गठित करने और अपराधियों के विरुद्ध पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने को कहा। स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश भी दिए। छात्रावासों में विद्यार्थियों को तंबाकू, गुटखा और अन्य नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता गतिविधियां चलाने पर जोर दिया।
9 नवंबर को होगी गोवर्धन पूजा
मुख्यमंत्री ने 9 नवंबर को प्रदेशभर में गोवर्धन पूजा के आयोजन करने के निर्देश दिए। गौशालाओं में पूजन के साथ पशुपालकों को सम्मानित करने और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकारी योजनाओं, अनुदान तथा तकनीकी सहायता की जानकारी पहुंचाने को कहा। भोपाल में होने वाले राज्य स्तरीय आयोजन का गौशालाओं में सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
धनतेरस पर रजिस्ट्री अभियान का लक्ष्य
ग्रामीण क्षेत्रों में मकान और भूखंड के कच्चे पट्टों की पक्की रजिस्ट्री कराने के अभियान को गति देने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों से कहा कि धनतेरस पर सांसदों और विधायकों के साथ गांवों में पहुंचकर मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत शत-प्रतिशत रजिस्ट्री सुनिश्चित कराएं। बेहतर काम करने वाले पटवारियों और तहसीलदारों को 26 जनवरी पर सम्मानित करने तथा उनकी उपलब्धि सर्विस बुक में दर्ज करने के निर्देश भी दिए।
इंदौर में अभिलाषा अभियान की जानकारी
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा ने जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों में नशाखोरी रोकने के लिए समितियां गठित की गई हैं। शिक्षकों को भी इनमें शामिल किया गया है और नियमित रिपोर्ट के माध्यम से निगरानी की जा रही है। छात्रावासों में अभिलाषा अभियान संचालित कर उसकी लगातार समीक्षा की जा रही है। बैठक में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, डीजीपी कैलाश मकवाना सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इंदौर से संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार, आईजी अनुराग, डीआईजी मनोज कुमार सिंह और अन्य विभागीय अधिकारियों ने भी सहभागिता की।



