दीपावली पर अस्पताल, थाने और कुष्ठधाम पहुंचे मुख्यमंत्री, लोगों के बीच बांटी खुशियां
मरीजों और कुष्ठ रोगियों से की मुलाकात, मिठाई और उपहार भी बांटे

दीपावली के पर्व पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में अलग-अलग वर्गों के लोगों के बीच पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। रविवार शाम उन्होंने थाना नागझिरी में पुलिसकर्मियों के साथ दीपावली मनाई, माधवनगर अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना और हामूखेड़ी स्थित कुष्ठधाम में कुष्ठ रोगियों को मिठाई, पटाखे और उपहार वितरित किए।
पुलिसकर्मियों का बढ़ाया उत्साह
मुख्यमंत्री थाना नागझिरी पहुंचे और पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान जब पूरा शहर उत्सव मनाता है, तब पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाते हैं। उनका सेवाभाव और कर्तव्यनिष्ठा सराहनीय है।
अस्पताल में मरीजों से जाना हाल
इसके बाद मुख्यमंत्री माधवनगर अस्पताल पहुंचे। यहां भर्ती मरीजों से आत्मीय संवाद कर उनके स्वास्थ्य और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने आईसीयू में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। अस्पताल में कार्यरत नर्सिंग की छात्राओं को मिठाई और पटाखे वितरित कर उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।
कुष्ठ रोगियों के साथ मनाया दीपोत्सव
मुख्यमंत्री ने हामूखेड़ी स्थित कुष्ठधाम पहुंचकर वहां रह रहे कुष्ठ रोगियों को मिठाई, पटाखे और उपहार वितरित किए। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना की। इस दौरान उन्होंने हामूखेड़ी स्थित पुराने हनुमान मंदिर का जीर्णोद्धार कराने की घोषणा भी की। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



