21 वर्षीय युवती ने रोका मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का काफिला, फिर सामने आया सीएम का संवेदनशील अंदाज
सीएम ने पास बुलाकर सुनी पीड़ा, अधिकारियों को पैतृक संपत्ति में हक दिलाने के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नीमच जिले के मनासा दौरे के दौरान एक युवती ने उनके काफिले के सामने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। युवती को रोते हुए देखकर मुख्यमंत्री ने उसकी समस्या सुनने के लिए उसे अपने पास बुलवाया। मुलाकात के दौरान युवती ने पारिवारिक विवाद और पिता की संपत्ति से जुड़े मामले में अपनी पीड़ा बताई। मुख्यमंत्री ने उसकी तत्काल जरूरतों के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और नीमच कलेक्टर को पैतृक संपत्ति में उसका अधिकार दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के काफिले के सामने पहुंचकर मांगा न्याय
कुकड़ेश्वर निवासी 21 वर्षीय नेहा माली मुख्यमंत्री से मिलने मनासा पहुंची थी। काफिले के गुजरने के दौरान वह मुख्यमंत्री की कार के सामने पहुंचकर रोते हुए अपनी समस्या बताने लगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सुरक्षाकर्मियों ने उसे वहां से हटाया। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री ने युवती को बुलाकर उसकी बात सुनने के निर्देश दिए।
पिता की संपत्ति से बेदखल करने का लगाया आरोप
मुख्यमंत्री से मुलाकात में नेहा ने बताया कि पिता के निधन के बाद उसकी मां भी साथ छोड़ चुकी हैं। उसका आरोप है कि दादी और अन्य रिश्तेदारों ने उसे तथा उसकी छोटी बहन को घर से बाहर कर दिया और पिता की निजी संपत्ति पर कब्जा कर लिया। इस मामले में उसने न्यायालय में भी गुहार लगाई है। घर से निकाले जाने के बाद उसे रहने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा और वर्तमान में वह उज्जैन में अपनी नानी के पास रह रही है।
कलेक्टर को कार्रवाई और आर्थिक सहायता के निर्देश
युवती की शिकायत सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद नीमच कलेक्टर को मामले में तत्काल कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पिता की संपत्ति में बेटी का अधिकार है और उसे उसका हक मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने नेहा की तत्काल आर्थिक जरूरतों को देखते हुए उसके बैंक खाते में एक लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा भी की।
आश्वासन के साथ दिया हरसंभव मदद का भरोसा
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने युवती को सांत्वना दी और उसके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। उन्होंने उसे भरोसा दिलाया कि उसकी समस्या के समाधान के लिए आवश्यक मदद की जाएगी। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप से युवती को आर्थिक सहायता के साथ अपने संपत्ति संबंधी मामले में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की उम्मीद बंधी है।



