जनशक्ति उजाला
समाचार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया बड़ा ऐलान, भोपाल में पहली बार सजेगा सेना दिवस का मंच; 15 जनवरी को दिखेगा सैन्य शौर्य

स्थापना दिवस पर सेना दिवस-2027 की तैयारियों का आगाज, संकल्प वृक्ष अभियान में रोपा अर्जुन का पौधा

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: भोपाल, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
सेना दिवस-2027 के आयोजन की जानकारी देते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ।
सेना दिवस-2027 के आयोजन की जानकारी देते मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ।
शेयर करें:

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल अगले साल 15 जनवरी को भारतीय सेना के शौर्य और सामर्थ्य की साक्षी बनेगी। सेना दिवस-2027 के अवसर पर यहां पहली बार राष्ट्रीय स्तर का आयोजन होने जा रहा है। इसकी तैयारियों की औपचारिक शुरुआत रविवार, 1 नवंबर को मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर शौर्य स्मारक में संकल्प वृक्ष पौध-रोपण अभियान के साथ हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अर्जुन का पौधा रोपकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के लिए गौरव का अवसर है, जब देश की सेना अपने पराक्रम, साहस और सैन्य क्षमता का प्रदर्शन भोपाल की धरती पर करेगी।

55 जिलों की मिट्टी से दिया एकता का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी 55 जिलों से लाई गई मिट्टी का संकल्प वृक्ष अभियान में समावेश मध्यप्रदेश की एकजुटता का प्रतीक है। अलग-अलग बोलियों, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान के बावजूद प्रदेशवासी एक सूत्र में बंधे हैं। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा थल, जल और वायु सेनाएं पूरी निष्ठा से करती हैं। सेना दिवस का आयोजन आम नागरिकों को सैन्य बलों के साहस और समर्पण को करीब से जानने का अवसर देगा।

शौर्य स्मारक में दिखाई आयोजन की झलक

मुख्यमंत्री ने शौर्य स्मारक के स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी और भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने सेना दिवस से जुड़ी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसमें 15 जनवरी के आयोजन की प्रस्तावित रूपरेखा प्रस्तुत की गई है। प्रदर्शनी में सेना दिवस परेड, रण हुंकार, एकीकृत युद्ध प्रदर्शन और सैन्य प्रदर्शनी को शामिल किया गया है। सेना के अधिकारियों और एनसीसी कैडेट्स ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

युवाओं को मिलेगा सेना से प्रेरणा लेने का अवसर

डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सैन्य व्यवस्था में कई नए प्रयोग हुए हैं। अग्निवीर योजना और एनसीसी जैसी पहल युवाओं में राष्ट्रसेवा, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सेना दिवस का आयोजन नई पीढ़ी को देश की सुरक्षा में जुटे जवानों के योगदान और सैन्य जीवन के मूल्यों से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।

युवा वर्ष की शुरुआत भी बनेगा खास

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, जबकि 2027 युवा वर्ष होगा। ऐसे में युवा वर्ष की शुरुआत भारतीय सेना के शौर्य प्रदर्शन के साथ होना प्रदेश के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने पांच वर्षीय कार्यकाल में अलग-अलग वर्षों को समाज के प्रमुख वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित करने की दिशा में काम कर रही है। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से मिट्टी के कलश लेकर पहुंचे विद्यार्थियों का भी अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर महापौर मालती राय, विधायक भगवानदास सबनानी, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव संजय शुक्ला, स्कूल शिक्षा सचिव संजय गोयल, लेफ्टिनेंट जनरल अरविंद चौहान, मेजर जनरल जे.पी. सिंह, विकास लाल सहित सेना के अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें

टीआई दिलीप पुरी केस के मामले में राहुल जायसवाल गिरफ्तार, अवैध शराब कारोबार में 30% हिस्सेदारी कबूली

टीआई दिलीप पुरी केस के मामले में राहुल जायसवाल गिरफ्तार, अवैध शराब कारोबार में 30% हिस्सेदारी कबूली

गुजरात तक फैले तस्करी नेटवर्क का खुलासा, पुलिस के सामने कई नाम बताए

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालादेवास, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
किसानों को सीएम की सौगात, धान पंजीयन की तारीख 4 नवंबर तक बढ़ाई; सिवनी में बनेगा फूड पार्क

किसानों को सीएम की सौगात, धान पंजीयन की तारीख 4 नवंबर तक बढ़ाई; सिवनी में बनेगा फूड पार्क

डॉ. मोहन यादव ने बलराम कृषि महोत्सव में वर्चुअली किया संबोधित

कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालासिवनी/भोपाल, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें