9 साल से पेंशन-ट्राईसाइकिल का इंतजार, पति को कंधे पर लेकर पहुंची पत्नी; CM के निर्देश पर मिली मदद
बुरहानपुर में बिंदूबाई का वीडियो हुआ था वायरल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कलेक्टर को दिए थे सहायता के निर्देश

मध्यप्रदेश के बुरहानपुर में एक महिला को अपने दिव्यांग पति की मदद के लिए जिस तरह कलेक्ट्रेट तक पहुंचना पड़ा, उसने सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। नौ साल से पेंशन और ट्राईसाइकिल का इंतजार कर रहे पति को लेकर पत्नी बिंदूबाई खुद कलेक्ट्रेट पहुंचीं। पति को कंधे पर उठाकर कार्यालय ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
जानकारी के अनुसार, दयाशंकर को करीब नौ साल पहले पैरालिसिस हुआ था। इसके बाद उनकी एक टांग काटनी पड़ी। तब से उनकी आवाजाही काफी हद तक पत्नी पर निर्भर है। बिंदूबाई ही उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान तक लेकर जाती हैं। परिवार को अब तक न तो ट्राईसाइकिल मिल सकी थी और न ही दिव्यांग पेंशन का लाभ मिला था।
ट्राईसाइकिल की मांग लेकर बिंदूबाई कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं, लेकिन वहां तत्काल आवागमन की सुविधा नहीं मिलने पर उन्हें पति को अपने कंधे पर उठाकर अंदर ले जाना पड़ा। बाद में ट्राईसाइकिल नहीं मिलने पर वह पति को उसी तरह लेकर वापस लौटीं। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
CM के निर्देश पर मिली ट्राईसाइकिल
मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कलेक्टर को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा कर बताया कि बिंदूबाई और उनके दिव्यांग पति दयाशंकर का वीडियो उनके संज्ञान में आया था। इसके बाद प्रशासन को मदद के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री के मुताबिक, दयाशंकर को ट्राईसाइकिल मुहैया करा दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसी जरूरतमंद की पीड़ा अनसुनी न रहे और हर परिवार को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए आवश्यक सहयोग मिले।



