जनशक्ति उजाला
समाचार

भोपाल में मेट्रो निर्माण के लिए बदलेगा यातायात मार्ग, 25 नवंबर से नई व्यवस्था

पुलिस ने जारी किए वैकल्पिक रास्ते

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: भोपाल, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
मेट्रो निर्माण कार्य के चलते रोशनपुरा क्षेत्र में यातायात मार्ग बदले जाएंगे ।
मेट्रो निर्माण कार्य के चलते रोशनपुरा क्षेत्र में यातायात मार्ग बदले जाएंगे ।
शेयर करें:

भोपाल में मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य के चलते 25 नवंबर से रोशनपुरा चौराहे से लोकभवन तिराहे तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। यह व्यवस्था 20 दिनों तक लागू रहेगी। इस दौरान संबंधित मार्ग की एक लेन बंद रखी जाएगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक रास्तों की जानकारी जारी की है।

इन रास्तों से गुजर सकेंगे वाहन

रोशनपुरा चौराहे से लोकभवन यानी गांधी पार्क तिराहे की ओर जाने वाले वाहन बाणगंगा चौराहा, केएन प्रधान तिराहा और मछलीघर के रास्ते से जा सकेंगे। इसके अलावा लिंक रोड नंबर-1, अंकुर स्कूल, रमेश टेलर और नरेश बटन भंडार की ओर से रोशनपुरा पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा।

बड़े वाहनों के लिए अलग व्यवस्था

विधानसभा, मंत्रालय और बिड़ला मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग संकरे होने के कारण एमएलए रेस्ट हाउस, मालवीय नगर तिराहा, गांधी पार्क तिराहा और मछलीघर की ओर से केवल दोपहिया और चारपहिया वाहनों को अनुमति रहेगी। मध्यम और भारी वाहनों को रोशनपुरा तथा बाणगंगा मार्ग का उपयोग करना होगा।

तीन चरणों में होगा निर्माण

मेट्रो निर्माण का काम रोशनपुरा चौराहे से जहांगीराबाद के मुर्गी बाजार स्थित जैन मंदिर तक तीन चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में रोशनपुरा से राजभवन, दूसरे में राजभवन से कंट्रोल रूम तिराहा और तीसरे में कंट्रोल रूम तिराहे से मुर्गी बाजार तक काम प्रस्तावित है।

यातायात पुलिस की अपील

पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। सहायता के लिए यातायात हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 और 2443850 पर संपर्क किया जा सकता है।

शेयर करें:

संबंधित खबरें