जनशक्ति उजाला
समाचार

भोपाल में सड़क हादसे ने छीनी युवा पत्रकार की जिंदगी, मुख्यमंत्री ने परिवार के लिए की आर्थिक सहायता की घोषणा

भदभदा चौराहे पर डंपर की चपेट में आने से हुई मौत

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: भोपाल, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
सड़क हादसे में जान गंवाने वाली पत्रकार सपना कुमारी के परिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 4 लाख रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए ।
सड़क हादसे में जान गंवाने वाली पत्रकार सपना कुमारी के परिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 4 लाख रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए ।
शेयर करें:

राजधानी भोपाल में रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला पत्रकार सपना कुमारी की मौत हो गई। वह बाइक टैक्सी से अपने कार्यालय जा रही थीं। कमला नगर थाना क्षेत्र के भदभदा चौराहे पर एक अन्य बाइक सवार के अचानक कट मारने से बाइक टैक्सी का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद सड़क पर गिरी सपना पीछे से आ रहे डंपर की चपेट में आ गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

भदभदा चौराहे पर हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार घटना 15 नवंबर की सुबह करीब 8 बजे की है। सपना बाइक टैक्सी से कार्यालय जा रही थीं। इसी दौरान एक अन्य मोटरसाइकिल सवार ने बाइक टैक्सी के सामने अचानक कट मार दिया। इससे चालक का संतुलन बिगड़ा और सपना सड़क पर गिर गईं। इसी बीच पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालकों की तलाश शुरू की गई।

निजी न्यूज चैनल में असिस्टेंट प्रोड्यूसर थीं सपना

सपना कुमारी मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं। उन्होंने भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की थी। इसके बाद उन्होंने विस्तार न्यूज में असिस्टेंट प्रोड्यूसर के रूप में काम शुरू किया था। उनका निधन मीडिया जगत के लिए भी दुखद खबर है।

डंपर जब्त, पुलिस कर रही जांच

घटना के बाद कमला नगर थाना पुलिस ने डंपर जब्त कर लिया है। पुलिस हादसे में शामिल दूसरे बाइक सवार और डंपर चालक की तलाश कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है, ताकि दुर्घटना की परिस्थितियों और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा सके।

मुख्यमंत्री ने चार लाख रुपये की सहायता के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सपना कुमारी के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत पत्रकार के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

शेयर करें:

संबंधित खबरें