भोपाल में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या से बवाल, बैरागढ़ थाने का घेराव; फांसी की मांग
थाने का घेराव, आरोपी को फांसी देने की मांग

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बैरागढ़ इलाके में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बच्ची का शव कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक खंडहर की तीसरी मंजिल पर मिला था। मामले में आरोपी मोबिन की गिरफ्तारी के बाद बच्ची के परिजन और हिंदू संगठनों के लोग आक्रोशित हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को फांसी देने की मांग की है।
शनिवार सुबह से थाने के बाहर प्रदर्शन
शनिवार सुबह से ही बैरागढ़ थाने के बाहर प्रदर्शन जारी है। बच्ची के परिजन और हिंदू संगठनों के लोग आरोपी मोबिन को उनके हवाले करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी लगातार नारे लगा रहे हैं और भीड़ थाने में घुसने की कोशिश कर रही है। स्थिति को देखते हुए थाने के दोनों मुख्य गेट बंद कर दिए गए हैं और पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर स्थिति शांत करने का प्रयास कर रहे हैं।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई का आश्वासन
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस की ओर से लोगों को आश्वासन दिया जा रहा है कि मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलवाकर आरोपी को कड़ी सजा दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। थाने के बाहर तनावपूर्ण माहौल के बीच पुलिस अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं।
रात को घर से निकली थी बच्ची
परिजनों के मुताबिक, बच्ची गुरुवार रात करीब आठ बजे घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिवार के सदस्य देर रात बैरागढ़ थाने पहुंचे थे। शुक्रवार को कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित खंडहर में उसका शव मिला। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पोस्टमार्टम और पुलिस की भूमिका की जांच
प्रारंभिक पोस्टमार्टम जानकारी में बच्ची की मौत गला दबाने से होने की आशंका जताई गई है। यौन अपराध की आशंका सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। एसीपी रत्नेश तोमर के मुताबिक, परिजन रात करीब दो बजे थाने पहुंचे थे। गुमशुदगी की सूचना पर कार्रवाई में कथित देरी को लेकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका की विभागीय जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



