जनशक्ति उजाला
समाचार

भोपाल के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, बनेगा 51 किमी का ग्रोथ कॉरिडोर

500 मीटर चौड़ाई का प्रस्ताव, 5 शहर जुड़ेंगे

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: भोपाल, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
भोपाल में 51 किलोमीटर लंबे ग्रोथ कॉरिडोर को विकसित करने की योजना है। (प्रतीकात्मक चित्र)
भोपाल में 51 किलोमीटर लंबे ग्रोथ कॉरिडोर को विकसित करने की योजना है। (प्रतीकात्मक चित्र)
शेयर करें:

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के विकास को नई दिशा देने वाले 51 किलोमीटर लंबे ग्रोथ कॉरिडोर की चौड़ाई बढ़ाने की मांग उठ रही है। प्रस्तावित कॉरिडोर को 300 मीटर के बजाय 500 मीटर तक चौड़ा करने के सुझाव नगर एवं ग्राम निवेश विभाग (टीएंडसीपी) तक पहुंच रहे हैं। इस मार्ग के आसपास हाईटेंशन बिजली लाइन का हिस्सा होने के कारण विकास की संभावनाएं प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। लोगों का मानना है कि कॉरिडोर की चौड़ाई बढ़ने से शहर के विस्तार और आसपास के क्षेत्रों के नियोजित विकास को अधिक लाभ मिल सकेगा। मास्टर प्लान की अंतिम अधिसूचना के साथ ही इसकी चौड़ाई पर भी फैसला होने की उम्मीद है।

मास्टर प्लान की सुनवाई में 142 लोगों ने रखी आपत्तियां

भोपाल मास्टर प्लान को लेकर शुक्रवार को सुनवाई जारी रही। इस दौरान 142 आपत्तिकर्ताओं ने अपने सुझाव और समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। मिसरोद में 45 मीटर चौड़ी सड़क के प्रस्ताव को लेकर भी लोगों को दोबारा सुनवाई के लिए बुलाया गया। भोपाल सिटीजंस फोरम के सदस्यों ने भी अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। इनमें आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति और कैचमेंट क्षेत्र से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।

कॉरिडोर की ओर प्रोजेक्ट के गेट नहीं खोलने का सुझाव

प्रस्तावित 75 मीटर चौड़े कॉरिडोर की ओर कॉलोनियों और व्यावसायिक परियोजनाओं के मुख्य प्रवेश द्वार नहीं रखने का सुझाव दिया गया है। इसके बजाय परियोजनाओं की पिछली दीवार कॉरिडोर की ओर रखने की बात कही जा रही है। अर्बन एक्सपर्ट कमल राठी के अनुसार, ऐसा करने से मुख्य मार्ग पर वाहनों की पार्किंग और भीड़ की समस्या से बचा जा सकेगा। परियोजनाओं का प्रवेश दूसरी ओर होने से कॉरिडोर पर यातायात बाधित नहीं होगा। इसके साथ ही 75 मीटर क्षेत्र के लिए कंट्रोल लाइन निर्धारित करने की मांग भी की गई है, ताकि निर्माण और विकास की सीमाएं स्पष्ट हो सकें।

नर्मदापुरम रोड से इंदौर रोड तक विकसित होगा मार्ग

ग्रोथ कॉरिडोर मौजूदा भोपाल बायपास के लगभग 51 किलोमीटर लंबे हिस्से को विकसित करके तैयार किया जाएगा। यह राजा भोज एयरपोर्ट के आसपास प्रस्तावित एजुकेशन, नॉलेज और एआई सिटी के साथ व्यावसायिक एवं मिक्स्ड यूज परियोजनाओं तथा बाहरी उपनगरों को आपस में जोड़ेगा। रेडियल सड़कों के माध्यम से इसे शहर के अन्य प्रमुख मार्गों से भी जोड़ा जाएगा। इससे भोपाल का संपर्क विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम और इंदौर जैसे प्रमुख शहरों की ओर जाने वाले मार्गों से बेहतर होगा।

करीब 3000 हेक्टेयर जमीन आएगी विकास के दायरे में

प्रस्तावित योजना में कुल 675 मीटर चौड़ी पट्टी और लगभग 3000 हेक्टेयर भूमि को विकास के दायरे में रखा गया है। इस क्षेत्र को ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) जोन घोषित करने का प्रस्ताव है। मुख्य सड़क से सीधे जुड़ी जमीन पर विकास की अनुमति के लिए न्यूनतम 4000 वर्ग मीटर के भूखंड का प्रावधान रखा गया है। टीएंडसीपी अधिकारी के मुताबिक, इस संबंध में लोगों से सुझाव प्राप्त हुए हैं। विशेषज्ञों से चर्चा और शासन के निर्देशों के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

शेयर करें:

संबंधित खबरें