जनशक्ति उजाला
समाचार

अस्पताल की व्यवस्थाओं से लेकर दवाइयों के रिकॉर्ड तक, संभागायुक्त ने किया बारीकी से निरीक्षण

सीएमएचओ कार्यालय की अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: बड़वानी, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
बड़वानी जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार और कलेक्टर जयति सिंह ।
बड़वानी जिला चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार और कलेक्टर जयति सिंह ।
शेयर करें:

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार, 13 नवम्बर को इंदौर संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने बड़वानी जिला चिकित्सालय और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, विभिन्न वार्डों की व्यवस्थाओं और विभागीय कामकाज की स्थिति देखी। निरीक्षण में मरीजों की सुविधा बढ़ाने के साथ ही दवाइयों के रिकॉर्ड और कार्यालयीन व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

हेल्प डेस्क के पास लगेगा अस्पताल का नक्शा

जिला चिकित्सालय में हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए संभागायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि इसके पास अस्पताल का नक्शा लगाया जाए। इसमें सभी वार्डों और विभागों की स्थिति स्पष्ट रूप से दर्शाई जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को संबंधित स्थान तक पहुंचने में परेशानी न हो और उन्हें अस्पताल में भटकना नहीं पड़े।

बच्चा वार्ड में दवाइयों के रिकॉर्ड की जांच

संभागायुक्त ने बच्चा वार्ड पहुंचकर भर्ती बच्चों के परिजनों से बातचीत की और बीमारी, उपचार तथा उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले सभी पात्र मरीजों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ सुनिश्चित किया जाए। वार्ड में दवाइयों का स्टॉक रजिस्टर भी देखा और ड्यूटी पर तैनात प्रभारी से दवाइयों की उपलब्धता तथा मासिक खपत की जानकारी ली। उन्होंने रजिस्टर में प्रतिदिन प्रविष्टियां दर्ज करने और उसे नियमित रूप से अद्यतन रखने को कहा। इसके अलावा इमरजेंसी ओपीडी, एसएनसीयू वार्ड और महिला चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया।

सीएमएचओ कार्यालय की सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर संभागायुक्त ने असंतोष जताया। उन्होंने सीएमएचओ डॉ. जयपाल सिंह ठाकुर को सभी कक्षों और शाखाओं में नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि स्वच्छ कार्यस्थल से सकारात्मक वातावरण बनता है और कर्मचारियों की कार्यक्षमता भी बेहतर होती है। उन्होंने शाखा प्रभारियों को अपने कार्यालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।

कैश बुक और सेवानिवृत्ति प्रकरणों की भी समीक्षा

लेखा शाखा में संभागायुक्त ने कैश बुक का अवलोकन किया और इसमें रोजाना प्रविष्टियां दर्ज कर अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के जीपीएफ और ग्रेच्युटी से जुड़े मामलों का समय पर निराकरण करने पर भी जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के वेतन और अन्य देय राशि का भुगतान निर्धारित समय पर होना चाहिए तथा सेवानिवृत्ति से संबंधित प्रकरण लंबित नहीं रखे जाएं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर जयति सिंह सहित स्वास्थ्य एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें