जनशक्ति उजाला
समाचार

दूध के दाम बढ़े, अमूल गोल्ड अब 74 रुपये लीटर; इंदौर में रोजाना सवा लाख लीटर खपत

प्रदेश में रोजाना साढ़े चार लाख लीटर से ज्यादा दूध की खपत

लेखक: कपिल माखीजा, जनशक्ति उजालास्थान: इंदौर, मध्य प्रदेश3 मिनट पढ़ें
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद महंगे हुए अमूल और मदर डेयरी के पैक्ड मिल्क ।
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद महंगे हुए अमूल और मदर डेयरी के पैक्ड मिल्क ।
शेयर करें:

दूध की बढ़ती कीमतों का असर अब आम परिवारों के बजट पर पड़ने लगा है। देश के प्रमुख डेयरी ब्रांड अमूल और मदर डेयरी ने दूध के दामों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। गुरुवार, 12 नवंबर से नई दरें लागू हो गई हैं। मध्यप्रदेश में अमूल गोल्ड का एक लीटर पैक 70 रुपये से बढ़कर 74 रुपये और अमूल फ्रेश 57 रुपये से बढ़कर 59 रुपये हो गया है। प्रदेश में अमूल दूध की रोजाना खपत साढ़े चार लाख लीटर से अधिक बताई जा रही है।

इंदौर में रोजाना सवा लाख लीटर दूध की खपत

मध्यप्रदेश में अमूल दूध की सबसे ज्यादा खपत इंदौर में होती है। यहां प्रतिदिन करीब सवा लाख लीटर दूध की बिक्री होती है। वहीं भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर में रोजाना 50 से 80 हजार लीटर तक दूध की खपत बताई जा रही है। नई कीमतें लागू होने से इन शहरों के उपभोक्ताओं को भी अब पहले की तुलना में अधिक भुगतान करना होगा। सप्लायर्स को नई दरों की मौखिक जानकारी दिए जाने की बात भी सामने आई है।

अमूल ताजा और गोल्ड दोनों हुए महंगे

गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने अमूल ब्रांड के ताजा पैक वाले दूध की प्रमुख किस्मों और पैक साइज की कीमतों में 4 से 5 प्रतिशत तक वृद्धि की है। इसके तहत 3 प्रतिशत मिल्क फैट वाले अमूल ताजा की कीमत 2 रुपये प्रति लीटर और 6 प्रतिशत मिल्क फैट वाले अमूल गोल्ड की कीमत 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है। इस साल कंपनी दूसरी बार दूध के दाम बढ़ा रही है। इससे पहले मई में भी कीमतों में संशोधन किया गया था।

मदर डेयरी ने भी बढ़ाए दाम

मदर डेयरी ने भी 12 नवंबर से अपने सभी लिक्विड मिल्क वेरिएंट की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की है। हालांकि, मध्यप्रदेश में फिलहाल मदर डेयरी की नई दरें लागू नहीं हुई हैं। कंपनी ने चारे की कीमतों में 20 प्रतिशत तक और पशु आहार की लागत में पिछले एक साल के दौरान करीब 10 प्रतिशत वृद्धि को इसका प्रमुख कारण बताया है।

पैकेजिंग और परिवहन खर्च का भी असर

मदर डेयरी के मुताबिक, पैकेजिंग, परिवहन और अन्य परिचालन खर्चों में भी 25 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। कंपनियों का कहना है कि उत्पादन से लेकर आपूर्ति तक बढ़ती लागत के कारण कीमतों में बदलाव करना जरूरी हो गया था। दूध के दाम बढ़ने से नियमित रूप से दूध खरीदने वाले परिवारों का मासिक खर्च भी बढ़ेगा।

शेयर करें:

संबंधित खबरें