जनशक्ति उजाला
समाचार

आलीराजपुर के कानाकाकड़ में विधिक जागरूकता शिविर, महिलाओं को संपत्ति में समान अधिकार की दी जानकारी

जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी सहायता की प्रक्रिया भी समझाई

लेखक: सिटी रिपोर्टर, जनशक्ति उजालास्थान: आलीराजपुर, मध्य प्रदेश2 मिनट पढ़ें
कानाकाकड़ में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर ।
कानाकाकड़ में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर ।
शेयर करें:

ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी अधिकारों की जानकारी पहुंचाने और जरूरतमंदों को न्यायिक सहायता से जोड़ने के उद्देश्य से आलीराजपुर जिले के ग्राम कानाकाकड़ में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। गुरुवार, 19 नवंबर को ‘न्यायोत्सवः विधिक सेवा सप्ताह’ के तहत हुए इस आयोजन में ग्रामीणों, महिलाओं और विद्यार्थियों को संपत्ति में महिलाओं के अधिकार, घरेलू हिंसा से कानूनी संरक्षण, साइबर अपराधों से बचाव और निःशुल्क विधिक सहायता से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।

बेटियों के संपत्ति अधिकारों पर विशेष जोर

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जय पाटीदार ने पैतृक और स्वयं अर्जित संपत्ति से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बेटियों और महिलाओं को संपत्ति में समान अधिकार प्राप्त हैं। साथ ही उत्तराधिकार और संपत्ति के बंटवारे से संबंधित कानूनी पहलुओं को भी सरल भाषा में समझाया।

अनजान लिंक और ओटीपी साझा करने से बचें

साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करते हुए शिविर में फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी के तरीकों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

घरेलू हिंसा के खिलाफ कानूनी संरक्षण

जिला विधिक सहायता अधिकारी शक्ति रावत ने महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण संबंधी कानूनों के बारे में बताया। उन्होंने शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक, मौखिक और आर्थिक प्रताड़ना के खिलाफ उपलब्ध कानूनी उपायों, शिकायत प्रक्रिया और निःशुल्क सहायता की जानकारी दी।

जरूरतमंदों को मुफ्त अधिवक्ता की सुविधा

चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल राजेश राठौर ने निःशुल्क विधिक सहायता योजना की जानकारी देते हुए बताया कि पात्र लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मुफ्त अधिवक्ता, कानूनी सलाह और न्यायालयीन कार्यवाही में सहायता मिल सकती है। आपराधिक मामलों में पात्र व्यक्तियों को लीगल एड डिफेंस काउंसिल व्यवस्था के तहत बचाव पक्ष का निःशुल्क अधिवक्ता भी प्रदान किया जाता है।

सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी

शिविर में आधार कार्ड अपडेशन, राशन कार्ड, पेंशन, आयुष्मान कार्ड और मतदाता पहचान पत्र से जुड़ी शासकीय सुविधाओं के बारे में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच प्रवीण कुमार रावत, ग्राम सचिव, पैरालीगल वॉलेंटियर्स, महिलाएं, ग्रामीणजन और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

शेयर करें:

संबंधित खबरें