आलीराजपुर के जंगलों में गूंजा आस्था का उत्सव, बाबा ईश्वर मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
अन्नकूट महोत्सव में छप्पन भोग के साथ चूल्हे पर बनी मक्के-बाजरे की रोटियां

मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले के आदिवासी अंचल में स्थित प्राचीन बाबा ईश्वर शिव मंदिर में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सरवा पंचायत के ग्राम झिझनी में घने जंगलों और प्राकृतिक वादियों के बीच आयोजित इस धार्मिक उत्सव में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भगवान बाबा ईश्वर के दर्शन, छप्पन भोग और पारंपरिक भोजन की प्रसादी के साथ पूरे आयोजन में धार्मिक आस्था और ग्रामीण संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिली।
छप्पन भोग के साथ देसी पकवानों की रही विशेष पहचान
महोत्सव के अवसर पर भगवान बाबा ईश्वर का आकर्षक श्रृंगार कर उन्हें विभिन्न पकवानों का भोग अर्पित किया गया। आयोजन में पारंपरिक तरीके से तैयार मक्के और बाजरे की रोटियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। जंगल के बीच ईंटों से बनाए गए चूल्हों पर महिलाओं ने लकड़ी की आंच और मिट्टी के तवे पर देसी रोटियां तैयार कीं। इनके साथ पूरी-सब्जी की प्रसादी भी वितरित की गई। श्रद्धालुओं ने कतारों में बैठकर श्रद्धा और आत्मीयता के साथ महाप्रसादी ग्रहण की।
वर्षों से निभाई जा रही आयोजन की परंपरा
स्थानीय रहवासियों के अनुसार, सरवा क्षेत्र के इस प्राचीन मंदिर में पिछले 10 से 15 वर्षों से लगातार अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। एक समय ऐसा भी था, जब दुर्गम रास्तों और अन्य परिस्थितियों के कारण लोग यहां आने से हिचकते थे, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। क्षेत्र के शिक्षक, विद्यार्थी, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण आपसी सहयोग से इस आयोजन को भव्य रूप देते हैं। भंडारे में देर रात 10 से 11 बजे तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है।
धार्मिक आयोजन में दिखी आदिवासी लोक संस्कृति की झलक
प्राकृतिक वातावरण के बीच स्थित बाबा ईश्वर शिव मंदिर आसपास के गांवों और आदिवासी समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है। अन्नकूट महोत्सव ने धार्मिक परंपरा के साथ सामूहिक सहभागिता और पारंपरिक खानपान की विरासत को भी सामने रखा। ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित इस उत्सव में स्थानीय संस्कृति, आपसी सद्भाव और सामुदायिक एकजुटता की तस्वीर देखने को मिली।



