अलीराजपुर में अवैध शराब पर आबकारी विभाग का शिकंजा, तीन प्रकरण दर्ज
जंगल से ढाबों तक पहुंची जांच टीम

अलीराजपुर जिले में अवैध शराब के भंडारण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में विभाग की अलग-अलग टीमों ने जंगल में छिपाकर रखी गई शराब की तलाश की, वहीं अलीराजपुर–नानपुर मार्ग स्थित ढाबों पर भी जांच अभियान चलाया। 20 नवंबर को हुई इन कार्रवाइयों में कुल तीन प्रकरण दर्ज किए गए।
मुखबिर की सूचना पर जंगल में पहुंची टीम
जोबट वृत्त के अंतर्गत ग्राम रामपुरा के जंगल में पुलिया के पास अवैध शराब छिपाकर रखे जाने की सूचना आबकारी विभाग को मिली थी। इसके बाद टीम पंचों को साथ लेकर मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान पुलिया के नीचे घास के ढेर में छिपाकर रखी गई बीयर की आठ पेटियां बरामद हुईं। हालांकि, मौके पर संबंधित व्यक्ति मौजूद नहीं मिले।
24 हजार 960 रुपये की बीयर जब्त
विभाग के अनुसार, बरामद बीयर की कुल मात्रा 96 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 24 हजार 960 रुपये आंकी गई है। जब्त शराब की मात्रा 50 बल्क लीटर से अधिक होने के कारण मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
अलीराजपुर–नानपुर मार्ग के ढाबों पर भी कार्रवाई
इसी अभियान के तहत अलीराजपुर वृत्त की टीम ने अलीराजपुर–नानपुर रोड पर गश्त और वाहन जांच के दौरान ढाबों पर भी कार्रवाई की। यहां से 12.7 बल्क लीटर अवैध विदेशी मदिरा जब्त करते हुए दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए।
साक्ष्यों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध मदिरा और अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। मामले में मुखबिर से प्राप्त नामों की स्वतंत्र रूप से साक्ष्यों के आधार पर पुष्टि की जाएगी। इसके बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई में कुल तीन प्रकरण दर्ज कर अवैध मदिरा जब्त की गई।



