आलीराजपुर में स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों तक पहुंचीं कलेक्टर, राशन दुकान की शिकायतों पर सख्ती
विद्यार्थियों से पढ़ाई का फीडबैक लिया, कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान देने और खाद्यान्न वितरण की जांच के निर्देश

मुख्यमंत्री जनविश्वास कार्यक्रम के तहत आलीराजपुर कलेक्टर नीतू माथुर ने ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, पोषण और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छोटी वेगलगांव के शासकीय प्राथमिक विद्यालय, लोड़नी और बिलझरी के आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान बिलझरी की उचित मूल्य दुकान बंद मिलने और ग्रामीणों की ओर से राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत किए जाने पर उन्होंने अधिकारियों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों से जानी पढ़ाई की तैयारी
छोटी वेगलगांव के प्राथमिक विद्यालय में कलेक्टर ने विद्यार्थियों से बातचीत कर पढ़ाई और आगामी परीक्षाओं की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को नियमित अभ्यास करने की सीख देते हुए कहा कि इससे कठिन विषयों पर भी अच्छी पकड़ बनाई जा सकती है। उन्होंने खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने को भी जरूरी बताया। विद्यालय प्राचार्य से अपार आईडी, गणवेश वितरण राशि, शौचालय, पेयजल और मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था की जानकारी लेकर शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता और नैतिक मूल्यों पर ध्यान देने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ियों में पोषण व्यवस्था का जायजा
इसके बाद कलेक्टर ने लोड़नी और बिलझरी के आंगनवाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं तथा बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार, वजन और पोषण स्तर की जानकारी ली। उन्होंने कमजोर बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को नियमित पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। भयडी फलिया में जर्जर आंगनवाड़ी भवन का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारी को उसे तत्काल ध्वस्त कराने के लिए कहा।
राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत पर जांच
बिलझरी की उचित मूल्य दुकान बंद मिलने पर ग्रामीणों ने शिकायत की कि विक्रेता समय पर राशन नहीं बांटता और निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न देता है। कलेक्टर ने एसडीएम को दुकान के स्टॉक की तत्काल जांच करने के निर्देश दिए। अनियमितता प्रमाणित होने पर एफआईआर दर्ज कराने, राशि की वसूली और संबंधित विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने पर जोर
कलेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा, पोषण और सार्वजनिक वितरण प्रणाली में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रशासन इन व्यवस्थाओं की निगरानी जारी रखेगा।



